सारंगढ़। जिले में एक अनोखे और प्रेरणादायक विवाह ने समाज को सादगी, सहमति और सामाजिक संदेश का सुंदर उदाहरण दिया। न्यायालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी सह विवाह अधिकारी कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के समक्ष ग्राम रायकोना निवासी वर रघुनाथ साहू और वधु योगेश्वरी साहू ने विशेष विवाह अधिनियम 1954 के तहत विधिवत विवाह संपन्न किया। खास बात यह रही कि यह विवाह दोनों परिवारों की पूर्ण सहमति, आशीर्वाद और उपस्थिति में बेहद सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
विवाह समारोह में वर-वधु के माता-पिता, भाई-बहन एवं दोनों पक्षों की महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भावनात्मक और पारिवारिक माहौल देखने को मिला। वर-वधु ने विवाह की शपथ लेते हुए एक-दूसरे को माला और अंगूठी पहनाई। इसके बाद वर ने वधु को मंगलसूत्र पहनाकर तथा मांग में सिंदूर भरकर वैवाहिक रस्में पूरी कीं। विवाह संपन्न होने के बाद उपस्थित सभी लोगों को मिठाई खिलाकर खुशियां साझा की गईं।
बताया जा रहा है कि जिले में शायद यह पहला ऐसा कोर्ट मैरिज विवाह रहा, जहां वर-वधु एक ही जाति से होने के बावजूद परिवार की सहमति और सामाजिक समझदारी के साथ सादगी से विवाह बंधन में बंधे। आमतौर पर कोर्ट मैरिज को अलग-अलग जाति या पारिवारिक असहमति से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन रघुनाथ और योगेश्वरी के परिवारों ने यह साबित कर दिया कि विवाह का असली महत्व दिखावे में नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास और परिवार की सहमति में होता है।
दोनों परिवारों ने फिजूलखर्ची और आडंबर से दूर रहकर समाज के सामने सादगीपूर्ण विवाह की नई मिसाल पेश की है। यह विवाह न केवल सामाजिक समरसता का संदेश देता है, बल्कि बढ़ते खर्चीले आयोजनों के बीच एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।

- अगस्त का महीना होगा धमाकेदार, थिएटर्स में रिलीज होंगी ये 12 दमदार फिल्में… - July 29, 2026
- छत्तीसगढ़:प्रेमिका से संबंध बनाने के दौरान युवक ने तोड़ा दम पावर’ बढ़ाने के लिए खाई थी गोली… - July 29, 2026
- छत्तीसगढ़:दर्दनाक हादसा,आंधी-तूफान में गिरा कच्चा मकान, युवक की मौत, पत्नी और मां घायल - July 29, 2026




