रायगढ़,। जिले में अपराध और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के सख्त निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना जूटमिल और थाना छाल पुलिस ने अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए करीब 23 लाख रुपए से अधिक की संदिग्ध संपत्ति जप्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य जिले में चोरी, कबाड़ तस्करी और संदिग्ध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाना है। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह की कार्यशैली और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का असर अब जमीनी स्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार हो रही कार्रवाईयों से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ता जा रहा है।

पटेलपाली में जूटमिल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक समेत 20 लाख का कबाड़ जप्त

थाना जूटमिल प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पटेलपाली सब्जी मंडी के पास मुख्य मार्ग पर खड़े ओडिशा पासिंग ट्रक क्रमांक OD-19-C-4666 को घेराबंदी कर पकड़ा। जांच में ट्रक के अंदर भारी मात्रा में लोहे एवं टीन का कबाड़ भरा मिला।
वाहन चालक प्रमोद कुमार यादव से जब कबाड़ और वाहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में लगभग 24 टन कबाड़ जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपए तथा ट्रक की कीमत लगभग 12 लाख रुपए जप्त कर लिया। कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति पुलिस कब्जे में ली गई।
इस मामले में थाना जूटमिल में बीएनएसएस एवं बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक लोमश सिंह राजपूत, आरक्षक नरेश रजक और परमानंद पटेल की भूमिका सराहनीय रही।
छाल पुलिस ने 53 क्विंटल सरिया किया जप्त, चोरी की संपत्ति होने का संदेह
इसी क्रम में थाना छाल प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बेहरामार में रेड कार्रवाई कर भारी मात्रा में लोहे का सरिया जप्त किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि भोजराम पटेल द्वारा संदिग्ध तरीके से सरिया रखा गया है।
तलाशी के दौरान पुलिस को 8 एमएम, 10 एमएम और 12 एमएम के कुल 5300 किलोग्राम सरिया बरामद हुआ जिसकी कीमत लगभग 3 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है। सरिया के संबंध में वैध बिल और दस्तावेज मांगे जाने पर भोजराम पटेल कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर कार्रवाई करते हुए सरिया जप्त कर लिया।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन एवं आरक्षक राजेश राठौर की सक्रिय भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश : अपराधियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में चोरी के सामान, अवैध कबाड़ और संदिग्ध कारोबार के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रायगढ़ पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को अब किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


- संस्कृति संचालक डॉ. संजय कन्नोजे के हाथों में छत्तीसगढ़ की विरासत, कलाकारों में जागी उम्मीद… - May 20, 2026
- IPL 2026 Points Table: लखनऊ को हराकर टॉप-4 में राजस्थान, जानें किस पोजीशन पर कौन सी टीम… - May 20, 2026
- जंगल में दिखा दुर्लभ सफेद ‘एल्बिनो’ भालू: हमले से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग भी अलर्ट… - May 20, 2026

