गर्मियों के मौसम में आम से बनी ठंडी-ठंडी मिठाइयों का स्वाद अलग ही होता है। मैंगो शेक और लस्सी तो आपने कई बार ट्राय की होगी, लेकिन क्या कभी चावल और पके आम की मदद से मैंगो फिरनी बनाई है?
यह स्वीट डिश स्वाद में बेहद रिच और क्रीमी होती है। इसका फ्रूटी फ्लेवर बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। दरदरे पिसे चावल से तैयार होने की वजह से इसका टेक्सचर सामान्य खीर से ज्यादा स्मूद और गाढ़ा लगता है।
फिरनी का संबंध मुगलई खानपान से माना जाता है और उत्तर भारत में इसे काफी पसंद किया जाता रहा है। दिल्ली, लखनऊ, पंजाब और कश्मीर जैसे इलाकों में फिरनी को खास मिठाई के रूप में बनाया जाता है। पहले इसे मिट्टी के कुल्हड़ में ठंडा करके सर्व किया जाता था। अब पारंपरिक फिरनी में आम का स्वाद जोड़कर मैंगो फिरनी तैयार की जाती है, जो गर्मियों में लोगों की फेवरेट स्वीट डिश बन चुकी है। अगर चावल पहले से भिगो दिए जाएं तो इसे बनाने में लगभग 30 से 40 मिनट का समय लगता है।
मैंगो फिरनी बनाने के लिए जरूरी सामग्री
1 कप चावल
2 कप मैंगो पल्प
4 कप फुल क्रीम दूध
1 चुटकी केसर
¾ टी स्पून इलायची पाउडर
¼ कप कटे बादाम
¼ कप कटे पिस्ता
¼ कप किशमिश
स्वादानुसार चीनी
मैंगो फिरनी बनाने की आसान रेसिपी
मैंगो फिरनी बनाने के लिए सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धो लें और 2 से 3 घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। इससे चावल जल्दी पकते हैं और फिरनी का टेक्सचर भी ज्यादा क्रीमी बनता है। इस दौरान बादाम, पिस्ता और किशमिश को बारीक काटकर अलग रख लें। अब भीगे हुए चावल का पानी निकालकर मिक्सर में डालें और हल्का दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि चावल का ज्यादा पतला पेस्ट न बने।
अब एक भारी तले वाले पैन में दूध डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। जब दूध उबलने लगे तो उसमें दरदरे पिसे चावल डाल दें और लगातार चलाते रहें ताकि मिश्रण नीचे चिपके नहीं। इसके बाद इसमें चीनी, इलायची पाउडर और केसर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। कुछ देर पकाने के बाद चावल नरम होने लगेंगे और मिश्रण गाढ़ा हो जाएगा।
जब फिरनी हल्की गाढ़ी हो जाए, तब इसमें आधे कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डाल दें। इससे स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं। 2 से 3 मिनट पकाने के बाद गैस बंद करें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें। जब फिरनी गुनगुनी रह जाए, तब उसमें मैंगो पल्प डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। बहुत गर्म मिश्रण में आम डालने से उसका स्वाद बदल सकता है, इसलिए इसे हल्का ठंडा करना जरूरी होता है।
अब तैयार फिरनी को सर्विंग बाउल में निकालें और 1 से 2 घंटे के लिए फ्रिज में ठंडा होने रखें। सर्व करने से पहले ऊपर से बचे हुए बादाम, पिस्ता, किशमिश और आम के छोटे टुकड़ों से गार्निश करें। चाहें तो केसर स्ट्रैंड डालकर इसे और भी आकर्षक बना सकती हैं। ठंडी-ठंडी मैंगो फिरनी गर्मियों में खाने का मजा दोगुना कर देती है।
- नियमितीकरण की मांग पर गरजीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं, सौंपा ज्ञापन… - October 27, 2026
- अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 5 वाहन पकड़े… - October 27, 2026
- बैकयार्ड कुक्कुट योजना से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय, 150 इकाइयों का वितरण… - October 27, 2026
