सारंगढ़। सारंगढ़ क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। तिलाईपाली के पास तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और उसके शरीर में गंभीर चोटें आईं।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पिकरीपाली निवासी सतीश कुमार सरसीवा से पेट्रोल डलवाकर अपने काम से सारंगढ़ लौट रहा था। इसी दौरान तिलाईपाली के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे में युवक का पैर दो जगह से पूरी तरह टूट गया है। इसके अलावा चेहरे, कंधे और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इस हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि जिस दिन यह दुर्घटना हुई, उसी दिन युवक की शादी की सालगिरह भी थी। परिवार जहां खुशियां मनाने की तैयारी में था, वहीं अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया। वहीं ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
