सारंगढ़। सुशासन तिहार के अंतर्गत सारंगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत फर्सवानी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर जनकल्याण और प्रशासनिक संवेदनशीलता का बड़ा केंद्र बन गया। शिविर में मल्दा ब, मुड़पार छोटे, नौरंगपुर, अमझर, ठाकुरदिया, बुदेली, दानसरा, सिंगारपुर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लिया।
शिविर में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सभी विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं और सेवाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य हरिहर जायसवाल, रामकुमार थूरिया, प्रकाश तिवारी, योगेश्वर, रविंद्र, अश्वनी पटेल, मिलन, दिलीप साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने प्रेरित किया। इस दौरान नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया, गर्भवती महिलाओं को उपहार वितरित किए गए तथा लक्ष्मी स्व सहायता समूह को 6 लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया।
शिविर में स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं विभिन्न विभागों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड, निक्षय मित्र फूड बॉक्स, मत्स्य विभाग द्वारा मछली जाल, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेंशन स्वीकृति, प्रधानमंत्री आवास के पूर्णता एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, किसान पुस्तिका, बी-1 तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा छड़ी वितरण जैसे कार्य किए गए।
जनसमस्या निवारण शिविर में कुल 372 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 358 मांग संबंधी और 14 शिकायत से जुड़े आवेदन शामिल रहे। सबसे अधिक 187 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, पशु शेड, मनरेगा कार्य, नाली निर्माण और सामुदायिक भवन जैसे कार्य प्रमुख रहे। इसके अलावा राजस्व विभाग के 55 आवेदन, महिला एवं बाल विकास विभाग के 21 आवेदन, राशन कार्ड एवं पेंशन से संबंधित 15-15 आवेदन प्राप्त हुए। विद्युत विभाग के 14 तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के पेयजल संबंधी 17 आवेदन भी दर्ज किए गए।
शिविर के दौरान एक भावुक और खुशनुमा पल तब देखने को मिला जब कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने एक छोटी बच्ची के साथ सेल्फी ली। बच्ची की टी-शर्ट पर लिखे शब्द “आई फील अमेजिंग” मानो पूरे शिविर के माहौल को बयां कर रहे थे। उस पल मौजूद ग्रामीणों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चेहरों पर भी मुस्कान और संतोष साफ नजर आया।

- सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, योजनाओं की सौगात से खिले ग्रामीणों के चेहरे… - May 17, 2026
- PBKS vs RCB: क्या डर गई पंजाब किंग्स की टीम? सवालों से बचने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेड फिजियो को भेजा… - May 17, 2026
- क्या ‘Pati Patni Aur Woh Do’ बॉक्स ऑफिस पर कर पाएगी धमाल? जानें पहले दो दिनों का हाल! - May 17, 2026
