सारंगढ़-बिलाईगढ़। छत्तीसगढ़ प्रदेश संयुक्त शिक्षक संघ जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए ज्ञापन का पुनर्स्मरण कराते हुए मंगलवार को जिला शिक्षा अधिकारी श्री जे.आर. डहरिया से मुलाकात कर शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न विभागीय समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। संगठन ने लंबित मामलों को बिंदुवार रखते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।
बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री डहरिया ने संगठन की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और विभागीय स्तर पर अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्रतिनिधिमंडल को दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से जल्द कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
संघ द्वारा जिन प्रमुख मुद्दों को उठाया गया उनमें गोपनीय चरित्रावली मंगाकर उचित वर्गीकरण करने, सेवा पुस्तिकाओं का स्थानीय कोष एवं लेखा संपरीक्षा से सत्यापन कराने, सीजीपीएफ पासबुक का आज तक संधारण नहीं होने तथा परीक्षा अनुमति आदेश से वंचित शिक्षकों के लिए अनुमति आदेश जारी करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि परीक्षा अनुमति आदेश से वंचित शिक्षकों की एक और सूची जारी कर दी गई है, जिससे कई शिक्षकों को राहत मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार का आयोजन चल रहा है, जिसके कारण कार्यालयीन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन इसके समाप्त होते ही लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
डीईओ ने सेवा पुस्तिका संधारण के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी करने की बात भी कही। बैठक के दौरान शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने विभागीय कार्यों में तेजी लाने और शिक्षकों की प्रशासनिक समस्याओं का समयबद्ध निराकरण करने की मांग रखी।
इस अवसर पर संघ के प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष चोखलाल पटेल, पंचराम साहू, नीलकंठ पटेल, अयोध्या प्रसाद जायसवाल, रामकुमार कोसले, कौशल कुमार पटेल, दीपक कुमार भगत एवं रामकिशोर पटेल उपस्थित रहे।

- काजू के पौधे संग हुआ अभिनंदन: संयुक्त शिक्षक संघ की हरित पहल से प्रभावित हुईं नवपदस्थ कलेक्टर… - May 13, 2026
- शिक्षकों की समस्याओं पर डीईओ से संयुक्त शिक्षक संघ की दो टूक चर्चा, जल्द समाधान का मिला भरोसा… - May 13, 2026
- बड़ी खुशखबरी: अब सारंगढ़ में ही मिलेगा महानगरों जैसा इलाज! सुप्रसिद्ध MD विशेषज्ञ डॉ. श्रिया अग्रवाल गुप्ता अब हर दिन उपलब्ध… - May 13, 2026
