सारंगढ़ बिलाईगढ़, 12 मई 2026/ सुशासन तिहार के दौरान 3-4 माह से पेंशन नहीं मिलने संबंधी आवेदन प्रस्तुत करने वाले हितग्राहियों के लिए समाज कल्याण विभाग ने महत्वपूर्ण जानकारी जारी की है। उप संचालक विनय तिवारी ने बताया कि सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत राज्य में विभिन्न पेंशन योजनाओं का नियमित भुगतान किया जा रहा है और लंबित राशि का भी शीघ्र निराकरण किया जा रहा है।
विभाग के अनुसार राज्य योजनाओं के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि फरवरी माह तक जारी की जा चुकी है, जबकि मार्च एवं अप्रैल माह की पेंशन भुगतान प्रक्रिया जारी है। वहीं सुखद सहारा योजना एवं मुख्यमंत्री पेंशन योजना के हितग्राहियों को मार्च 2026 तक की राशि का भुगतान कर दिया गया है तथा अप्रैल माह की राशि प्रक्रिया में है।
केन्द्रीय पेंशन योजनाओं के संबंध में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा डिजिटलीकरण एवं नवीन एसएनए स्पर्श प्रक्रिया लागू किए जाने के कारण गत वित्तीय वर्ष में भुगतान में विलंब की स्थिति बनी थी। अब भारत सरकार से मदर सेंक्शन प्राप्त हो चुका है और सभी लंबित राशि एरियर्स सहित जारी की जा रही है।
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था एवं निःशक्तजन पेंशन योजना के हितग्राहियों को जनवरी 2026 तक की राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि फरवरी, मार्च एवं अप्रैल माह की राशि प्रक्रिया में है। इसी तरह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत दिसंबर 2025 तक भुगतान किया जा चुका है तथा जनवरी से अप्रैल 2026 तक की राशि जारी करने की प्रक्रिया चल रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि पेंशन भुगतान संबंधी किसी भी समस्या या जानकारी के लिए हितग्राही उप संचालक विनय तिवारी से मोबाइल नंबर 8435411414 पर संपर्क कर सकते हैं।

- मंत्री गुरु खुशवंत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में होगा विराट वैष्णव सम्मेलन… - October 3, 2026
- सारंगढ़ में खेलों का महाकुंभ, 330 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम… - October 2, 2026
- गांधी-शास्त्री जयंती पर छात्राओं को मिला शिक्षा का संबल… - October 2, 2026
