नई दिल्ली/फ्रांस से लगभग 30 राफेल लड़ाकू विमान हासिल करने के बाद वायु सेना विशिष्ट साजो सामान और घातक हथियारों के साथ जनवरी 2022 से फ्रांसीसी मूल के इन लड़ाकू विमानों के अपने बेड़े को अपग्रेड करना शुरू करेगी।

सूत्रों ने बताया कि भारतीय वायु सेना के अधिकारियों की एक उच्च स्तरीय टीम इस वक्त फ्रांस में इस्ट्रेस एयरबेस पर परीक्षण किए गए विमान (tail number RB-008) के प्रदर्शन का मूल्यांकन करने के लिए मौजूद है। इस विमान को साल 2016 के अनुबंध के तहत देश की जरूरतों के लिहाज से लैस किया गया है।
एक बार जब भारतीय वायु सेना इस अपग्रेडेशन को मंजूरी दे देगी तो भारतीय विमानों को और अधिक सक्षम बनाने के लिए अगले साल जनवरी से इनका अपग्रेडेशन शुरू किया जाएगा। इस कवायद के तहत विमानों को अत्यधिक सक्षम मिसाइलों, कम बैंड जैमर और भारतीय जरूरतों के मुताबिक उपग्रह संचार प्रणाली से लैस किया जाएगा। मालूम हो कि वायु सेना को इनमें से लगभग 30 विमान पहले ही मिल चुके हैं। तीन और राफेल विमान 7 से 8 दिसंबर को देश में पहुंचेंगे।
वायु सेना के सूत्रों ने कहा कि सौदे के तहत फ्रांस से एक किट भारत लाई जाएगी और हर महीने तीन से चार भारतीय राफेल विमानों को आईएसई मानकों में अपग्रेड किया जाएगा। फ्रांस से भारत आने वाला अंतिम विमान आरबी-008 होगा जिसका नाम पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया (सेवानिवृत्त) के नाम पर रखा गया है। आरकेएस भदौरिया ने ही सरकार से सरकार के बीच हुए समझौते के तहत फ्रांस के साथ 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक के अनुबंध पर हस्ताक्षर करने के लिए उप प्रमुख के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
समाचार एजेंसी एएनआइ की रिपोर्ट के मुताबिक अपग्रेड विमानों को अंबाला एयरबेस पर तैनात किया जाएगा। भारतीय वायु सेना ने फ्रांस में अपने कर्मियों को प्रशिक्षण देने के बाद अब देश में ही इन विमान पर अपने पायलटों का प्रशिक्षण देना शुरू किया है। एक बार भारतीय वायुसेना में पूरी तरह से शामिल हो जाने के बाद राफेल विमानों के बेड़े में आरबी श्रृंखला के टेल नंबरों के साथ आठ ट्विन-सीटर ट्रेनर विमान होंगे जबकि बीएस टेल नंबर श्रृंखला के साथ 28 सिंगल सीटर विमान होंगे। विमानों को बीएस टेल नंबर पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ के सम्मान में दिया गया है जो 26 फरवरी 2019 के बालाकोट हवाई हमले का नेतृत्व करने के बाद 2019 में सेवानिवृत्त हुए थे।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
