सारंगढ़। जिले के सारंगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुवाताल के आश्रित ग्राम महकमपुर में बन रही सीसी रोड अब विकास कम और भ्रष्टाचार का प्रतीक ज्यादा बनती नजर आ रही है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता, घटिया सामग्री के उपयोग और सरकारी पैसों की खुली बंदरबांट का आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में शासन के नियमों और गुणवत्ता मानकों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं, जबकि जिम्मेदार RES (ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा) विभाग आंखें मूंदकर बैठा हुआ है।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने निर्माण कार्य देखकर नाराजगी जताई और कहा कि सड़क निर्माण में न तो सही तरीके से बेस तैयार किया गया और न ही समतलीकरण किया गया। बिना मजबूत आधार के सीधे कांक्रीट डालकर सड़क बनाई जा रही है, जिससे सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी केवल दिखावे के लिए काम कर रही है, ताकि कागजों में सड़क मजबूत दिखाई दे लेकिन वास्तविकता में वह कुछ महीनों में ही टूट जाए।

मोटाई में खेल, सामग्री में गड़बड़ी!

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सीसी रोड की निर्धारित मोटाई में भारी कटौती की जा रही है। ड्राइंग और डिजाइन के अनुसार जिस स्तर की सड़क बननी चाहिए, उससे काफी कम गुणवत्ता का निर्माण किया जा रहा है। सीमेंट और रेत के अनुपात में भी गड़बड़ी कर केवल ऊपर से चमकदार परत बिछाई जा रही है। लोगों का कहना है कि यह सड़क पहली बारिश में ही जवाब दे सकती है।
RES विभाग की चुप्पी से बढ़ा संदेह
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर RES विभाग के इंजीनियर और एसडीओ की अनुपस्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। नियमों के मुताबिक तकनीकी अधिकारियों की निगरानी में निर्माण कार्य होना चाहिए, लेकिन मौके पर कोई अधिकारी नजर नहीं आया। इससे ग्रामीणों में यह चर्चा तेज हो गई है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से ही निर्माण एजेंसी मनमानी कर रही है।
ग्रामीणों ने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे विभाग ने कार्यालय में बैठे-बैठे ही सड़क की गुणवत्ता को हरी झंडी दे दी हो। जनता के टैक्स की राशि से हो रहे निर्माण कार्य में इस तरह की लापरवाही से लोगों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों की चेतावनी — “जांच नहीं तो आंदोलन”
महकमपुर के ग्रामीणों ने जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए और शासन के मापदंडों के अनुरूप दोबारा गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें
निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच हो
दोषी निर्माण एजेंसी और RES अधिकारियों पर कार्रवाई हो
घटिया निर्माण को हटाकर पुनः गुणवत्तापूर्ण सड़क बनाई जाए
अब पूरा मामला जिला प्रशासन के पाले में है। देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की आवाज सुनता है या फिर महकमपुर की सड़क भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती रहेगी।
- सारंगढ़:सुशासन तिहार में प्रभारी मंत्री की सख्त समीक्षा, योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों को दिए निर्देश… - May 9, 2026
- सारंगढ़:सुशासन तिहार शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मंत्री टंकराम वर्मा बोले — “कोई पात्र हितग्राही आवास योजना से नहीं रहेगा वंचित”… - May 9, 2026
- सारंगढ़:करोड़ों खर्च फिर भी बदहाल आमाघाट पुलिया, मुड़ा तालाब सौंदर्यीकरण पर उठे सवाल… - May 9, 2026
