सारंगढ़। छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का दो दिवसीय सारंगढ़ दौरा जिले की राजनीति में नई हलचल पैदा कर गया। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने डोर-टू-डोर जनसंपर्क करते हुए कार्यकर्ताओं और आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।
दौरे के दौरान सिंहदेव जिला पंचायत सदस्य बिनोद भारद्वाज के निवास पचपेड़ी पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। यहां उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि मजबूत संगठन ही जीत की कुंजी है।
प्रेस से चर्चा के दौरान सिंहदेव ने वर्तमान राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार के कार्यों को “निराशाजनक” बताते हुए कहा कि यह सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पा रही है। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने इन क्षेत्रों में निशुल्क और बेहतर सेवाएं देने के लिए कई अहम पहल की थीं, लेकिन वर्तमान सरकार उन योजनाओं को दरकिनार कर निजीकरण को बढ़ावा दे रही है।
सिंहदेव ने यह भी कहा कि जनता टैक्स तो दे रही है, लेकिन बदले में उसे अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जो चिंता का विषय है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, विधायक उत्तरी जांगड़े, विधायक कविता लहरे, पूर्व जिला पंचायत सभापति अनीता बिनोद भारद्वाज, जिपं सदस्य बिनोद भारद्वाज सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में राजेश भारद्वाज, पुरुषोत्तम साहू, राकेश पटेल, गोल्डी नायक, राधे जायसवाल, ताराचंद पटेल, रामनाथ सिदार, संजय दुबे, सोनी अजय बंजारे, रमेश खुटे, राकेश जाटवर, सरिता गोपाल और पदमा मनहर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई।
दौरे के समापन पर सिंहदेव ने कहा कि सारंगढ़ आने की इच्छा लंबे समय से थी और यहां आकर कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें सकारात्मक ऊर्जा मिली। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और पार्टी 2028 में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी।

- सारंगढ़:तिरंगे से सजे 100 ट्रैक्टर, किसानों ने निकाली भव्य यात्रा… - August 12, 2026
- 112 की तत्परता से बची युवक की जान, जहर सेवन के बाद कराया अस्पताल में भर्ती… - August 12, 2026
- खराब खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर होगी कार्रवाई, शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी… - August 12, 2026




