Orange Cap की रेस में शनिवार, 25 अप्रैल को काफी उथल-पुथल देखने को मिली। दिन का पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला गया था। इस मैच से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 328 रनों के साथ पहले पायदान पर थे, मगर जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा ऑरेंज कैप की रेस में बदलाव देखने को मिले।

विराट कोहली देखते ही देखते ऑरेंज कैप की रेस में पहले से सीधा पांचवें पायादन पर खिस गए। जी हां, एक दिन में कुल तीन खिलाड़ियों ने ऑरेंज कैप को अपने नाम किया। आईए जानते हैं अंत में किस बल्लेबाज ने बाजी मारी।
केएल राहुल के सिर सबसे पहले सजी ऑरेंज कैप
दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल DC vs PBKS मैच से पहले ऑरेंज कैप की रेस में दूर-दूर तक नहीं थे, मगर इस मुकाबले में उन्होंने 152 रनों की नाबाद पारी खेल लंबी छलांग लगाई। विराट कोहली को पछाड़ते हुए उन्होंने नंबर-1 की पोजिशन हासिल की। केएल राहुल के नाम अब 7 पारियों में 59.50 की औसत और 187.89 के स्ट्राइक रेट के साथ 357 रन दर्ज हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने शतक जड़ किया कमाल
वैभव सूर्यवंशी ने इसके बाद ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया। उन्होंने चंद घंटों में केएल राहुल से उनकी नंबर-1 की पोजिशन छीन ली। वैभव सूर्यवंशी ने दिन के दूसरे मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 103 रनों की धुआंधार पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 12 गगनचुंबी छक्के लगाए। वैभव सूर्यवंशी के नाम इस पारी के बाद आईपीएल 2026 में 357 रन हो गए हैं। केएल राहुल से बेहतर स्ट्राइक रेट होने की वजह से वह रन बनाने के बावजूद आगे निकल गए।
अभिषेक शर्मा ने अंत में मारी बाजी
सनराइजर्स हैदराबाद के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अंत में ऑरेंज कैप की रेस में बाजी मारी। अभिषेक ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 229 के टारगेट का पीछा करते हुए अपनी टीम को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। उन्होंने 29 गेंदों पर 11 चौकों और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 57 रनों की पारी खेली। इसी के साथ आईपीएल 2026 में उनके नाम सबसे अधिक 380 रन हो गए हैं। यह रन उन्होंने 8 मैचों में 54.29 की औसत और 212.29 के स्ट्राइक रेट के साथ बनाए। वहीं SRH के हेनरिक क्लासेन ने 29 रन बनाकर विराट कोहली को लिस्ट में पीछे किया।
IPL 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
अभिषेक शर्मा- 380
वैभव सूर्यवंशी- 357
केएल राहुल- 357
हेनरिक क्लासेन- 349
विराट कोहली- 328

