बिलाईगढ़। भीषण गर्मी के बीच बिलाईगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में लो वोल्टेज की गंभीर समस्या ने आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले कई महीनों से जारी इस विद्युत कुव्यवस्था के कारण लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं और अब उनका आक्रोश खुलकर सामने आने लगा है।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि कम वोल्टेज के कारण न तो पंखे ठीक से चल पा रहे हैं और न ही कूलर, जिससे तपती गर्मी में राहत मिलना मुश्किल हो गया है। दिन हो या रात, बिजली की यह समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ रही है।
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या से विभाग के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी भी अनजान नहीं हैं। उनका भी कहना है कि उनके घरों में भी पंखे और कूलर सही से नहीं चल पा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, लो वोल्टेज की समस्या को कई बार उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जा चुका है और इसके लिए पत्राचार भी किया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र की विधायक कविता प्राण लहरे को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था। उन्होंने जल्द ही बलोदाबाजार के उच्च अधिकारियों से बात कर समाधान का आश्वासन दिया था, लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं।
इस संबंध में विद्युत विभाग बिलाईगढ़ के एई श्री राणा और जेई रश्मि सिंह से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि केवल बिलाईगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के सभी क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसका मुख्य कारण ऊपर से ही कम वोल्टेज सप्लाई होना बताया जा रहा है।
लगातार बनी इस समस्या से लोगों में भारी नाराजगी है। गर्मी के इस दौर में जब बिजली सबसे बड़ी जरूरत बन जाती है, तब इस तरह की लापरवाही लोगों के लिए मुसीबत बन गई है।
अब सवाल यही उठ रहा है—आखिर इस भीषण गर्मी में लोग राहत कैसे पाएं?
यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है।

- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
