सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अप्रैल 2026।
जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के निर्देश पर सारंगढ़ में सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार खोम्मन लाल ध्रुव ने की, जिसमें विभिन्न जनसेवा से जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नायब तहसीलदार ध्रुव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेजों को साफ-सुथरे एवं स्पष्ट तरीके से स्कैन किया जाए। उन्होंने कहा कि दस्तावेजों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही से आम नागरिकों को परेशानी होती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत आने वाले सभी आवेदनों को निःशुल्क रूप से सबमिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस योजना के नाम पर किसी भी प्रकार की फीस वसूली या अनियमितता सामने आने पर संबंधित सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नायब तहसीलदार ने बैठक में मौजूद सभी सीएससी संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी केंद्र के खिलाफ शिकायत प्राप्त होती है, तो उसकी गंभीरता से जांच कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है, और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान संचालकों को शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं नागरिकों को सही जानकारी देने के लिए भी प्रेरित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनसेवा में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा।





