सारंगढ़। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे एवं एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना स्तर पर विशेष निगरानी रखकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शिव कुमार धारी के नेतृत्व में 13 अप्रैल 2026 को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया, जिसमें गौवंश तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए 37 नग बैलों को सुरक्षित बचाया गया।
प्रार्थी प्रियव्रत स्वर्णकार (29 वर्ष), निवासी रायगढ़ रोड, वार्ड क्रमांक 3 सारंगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह बिलाईगढ़ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान भटगांव थाना क्षेत्र के जमगहन पेट्रोल पंप के पास उसने देखा कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों (बैल) को पैदल हांकते हुए ले जा रहे हैं, जो संदिग्ध प्रतीत हो रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम डुमलाल साहू, फुलेश्वर बंजारे, सीताराम पटेल, नीलमणी साहू एवं परदेशी यादव बताए। उन्होंने स्वीकार किया कि वे बिलासपुर जिले के जोंधरा बाजार से मवेशी खरीदकर गिरसा बाजार में बेचने ले जा रहे थे, लेकिन उनके पास किसी प्रकार के वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि मवेशियों को संभवतः कत्लखाने ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 37 नग बैलों को जप्त कर लिया तथा आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर उप जेल सारंगढ़ भेज दिया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में उप निरीक्षक शिव कुमार धारी के साथ एएसआई बलीराम निराला, प्रधान आरक्षक श्रवण बरिहा, आरक्षक खेलावन बघेल, राहुल खूंटे, लक्ष्मीकांत तंजय, अश्विनी डड़सेना, हेमंत जटवार, प्रत्येन बर्मन एवं समस्त थाना स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की इस सख्त और सजग कार्यवाही से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है और यह स्पष्ट संदेश गया है कि कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

- जनजातीय प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर: पद्म पुरस्कार और जनजातीय गरिमा सम्मान 2026 हेतु नामांकन आमंत्रित… - May 31, 2026
- व्यापम ने निकाली दो बड़ी भर्तियां, 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा अवसर; 8 और 15 जून तक करें आवेदन… - May 31, 2026
- कल पंचायत चुनाव का महासंग्राम: 1 जून को मतदान, मतदान केंद्रों पर ही होगी मतगणना, शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध… - May 31, 2026

