सारंगढ़। भारतीय संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती इस वर्ष जपं परिसर में अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं और पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। बाबा साहब की आदमकद प्रतिमा स्थल को विशेष रूप से संवारा जा रहा है, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़े।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थापक डॉ. आंबेडकर प्रतिमा स्थापना समिति के संस्थापक लैलून कुमार भारद्वाज करेंगे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 13 अप्रैल को कार्यक्रम स्थल की व्यापक साफ-सफाई की जाएगी, वहीं 14 अप्रैल को भव्य दीप प्रज्वलन एवं त्रिशरण के साथ जयंती समारोह का शुभारंभ होगा।
इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पुष्प वाटिका से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जपं परिसर पहुंचेगी। शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखने को मिलेगी, जिससे आयोजन एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य भदंत भिक्षु धम्प तप जी (तपोभूमि राजनांदगांव) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े, जिपं अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, जपं अध्यक्ष श्रीमती ममता राजीव सिंह, पूर्व विधायक केराबाई मनहर, पद्मा मनहर, कामता जोल्हे, डॉ. छबिलाल जागड़े, अरुण मालाकार सहित जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे।
इसके साथ ही सर्व समाज एवं सर्वधर्म प्रमुखों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के अध्यक्षों तथा गणमान्य नागरिकों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, जिससे कार्यक्रम सर्वसमाज की भागीदारी का प्रतीक बनेगा।
जयंती समारोह को लेकर क्षेत्रवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन समिति द्वारा इसे ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।



- कलेक्टर का सख्त एक्शन: घटिया निर्माण पर फटकार, गुणवत्ता से समझौता नहीं—ठेकेदारों में मचा हड़कंप…. - May 30, 2026
- “जिंदगी चुने, तंबाकू नहीं”: विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की चेतावनी, युवाओं को बचाने का आह्वान… - May 30, 2026
- युवाओं के लिए सुनहरा मौका: सारंगढ़ में लगेगा निशुल्क सुरक्षा गार्ड भर्ती शिविर… - May 30, 2026

