बरमकेला। क्षेत्र के विकास को लेकर निरंतर सक्रिय रहने वाले समाजसेवी रतन शर्मा के अथक प्रयासों ने आखिरकार रंग दिखा दिया। वर्षों से लंबित मांग को साकार करते हुए बरमकेला को एक बड़ी सौगात मिली है—यहां देश की प्रमुख निजी बैंकिंग संस्थाओं HDFC Bank और Axis Bank की शाखाएं प्रारंभ हो चुकी हैं। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
बरमकेला के लेंधरा रोड पर एचडीएफसी बैंक तथा मुख्य मार्ग पर शिव मंदिर के सामने एक्सिस बैंक की शाखा खुलने से अब स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और किसानों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के शहरों की ओर नहीं जाना पड़ रहा है। इससे जहां समय और धन की बचत हो रही है, वहीं क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिल रही है।
छोटे व्यापारियों, किसानों और आम खाताधारकों के लिए यह पहल किसी वरदान से कम नहीं है। अब उन्हें लोन, खाता संचालन, डिजिटल बैंकिंग जैसी सुविधाएं अपने ही क्षेत्र में सुलभ हो रही हैं, जिससे आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, प्रारंभिक दौर में लीड बैंक State Bank of India के अधिकारियों द्वारा बरमकेला में नए बैंक खोलने की मांग को अस्वीकार कर दिया गया था। लेकिन रतन शर्मा ने हार नहीं मानी। उन्होंने इस मुद्दे को लगातार उठाते हुए उच्च स्तर तक पहुंचाया और Reserve Bank of India तथा केंद्रीय वित्त मंत्री से संपर्क कर क्षेत्र की आवश्यकता को मजबूती से रखा।
उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और सतत प्रयासों का ही परिणाम रहा कि संबंधित विभागों से समय-समय पर सकारात्मक संकेत मिलते रहे और अंततः यह मांग पूरी हो गई। आज बरमकेला में दो निजी बैंकों का संचालन उनकी लगन, संघर्ष और जनसेवा के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण बन गया है।
रतन शर्मा की सक्रियता केवल बैंकिंग सुविधा तक सीमित नहीं है। वे क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी लगातार प्रयासरत हैं। हाल ही में उन्होंने कलेक्टर एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से मुलाकात कर बरमकेला में ब्लड स्टोरेज यूनिट की स्थापना, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता तथा अनुविभागीय ट्रेजरी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारिक वर्ग का मानना है कि ऐसे प्रयासों से बरमकेला का समग्र विकास संभव हो रहा है। दो-दो निजी बैंकों का खुलना न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि है, बल्कि यह क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी साबित हो रहा है।

- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
