सारंगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण, नवाचार और उत्कृष्ट कार्य का एक और प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। सारंगढ़ विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला पचपेड़ी में पदस्थ सक्रिय शिक्षिका श्रीमती लक्ष्मी उरांव को एफएलएन वारियर्स शिक्षक के रूप में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में चयनित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों का परिणाम है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है।
इस गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन जलतारे सर एवं नवा जतन टीम द्वारा किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ राज्य के हजारों शिक्षकों में से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों का चयन किया गया। उल्लेखनीय है कि राज्य के लगभग 72,000 शिक्षकों में से कड़ी चयन प्रक्रिया के बाद 100 श्रेष्ठ शिक्षकों को चुना गया।
दुर्ग जिले में आयोजित इस भव्य समारोह में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने श्रीमती लक्ष्मी उरांव को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान उनके द्वारा विद्यालय में किए जा रहे नवाचार, नवा जतन गतिविधियों और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के प्रयासों का प्रतिफल है।
चयन प्रक्रिया के दौरान डी.आर.जी. एवं एस.सी.ई.आर.टी. टीम द्वारा शिक्षकों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें शैक्षणिक नवाचार, विद्यार्थियों के साथ जुड़ाव और नई चुनौतियों को स्वीकार करने की क्षमता को प्रमुख आधार बनाया गया। लक्ष्मी उरांव ने इन सभी मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी पहचान बनाई।
इस अवसर पर एफएलएन नवा जतन रिसोर्स शिक्षक परिवार छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष आर. के. जलतारे, उप संचालक लोक शिक्षण आशुतोष चावरे, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।
लक्ष्मी उरांव की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी जे. आर. डहरिया, विकास शिक्षा अधिकारी रेशम लाल कोशले तथा राज्य शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षिका प्रियंका गोस्वामी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

संदेश साफ है—अगर समर्पण और नवाचार का जज्बा हो, तो गांव की एक छोटी सी शाला से भी राज्य स्तर तक पहचान बनाई जा सकती है।
- शराब प्रेमियों को बड़ा झटका! सारंगढ़ समेत सभी प्रीमियम शराब दुकानों में कैशलेस बिक्री… - September 14, 2026
- रायगढ़:ट्रांसफर के बाद भी डीईओ ऑफिस में जमे कर्मचारी, युक्तियुक्तकरण पर उठे सवाल… - September 14, 2026
- ऑपरेशन आघात का बड़ा वार! 43 लीटर महुआ शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार… - September 14, 2026
