मुंबई के गेंदबाजों के खिलाफ दिल्ली के बल्लेबाजों की होगी अग्नि परीक्षा, अरुण जेटली स्टेडियम में होगी कड़ी टक्कर…
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शनिवार को राजधानी के अरुण जेटली स्टेडियम मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
दोनों टीमें जीत के आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेंगी, लेकिन उनकी ताकत और कमजोरियां अलग-अलग हैं, जो इस मुकाबले को और दिलचस्प बनाती हैं।
दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो टीम की सबसे बड़ी चिंता उसका शीर्ष क्रम है। पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के विरुद्ध लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही थी। केएल राहुल, नीतीश राणा और पथुम निसंका जैसे बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए थे। हालांकि, युवा समीर रिजवी ने शानदार नाबाद अर्धशतक लगाकर ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर टीम को जीत दिलाई। यह प्रदर्शन दिल्ली के लिए सकारात्मक संकेत जरूर है, लेकिन शीर्ष क्रम की अस्थिरता अब भी चिंता का विषय बनी हुई है।
दिल्ली की मजबूत गेंदबाजी
वहीं, दिल्ली की गेंदबाजी इकाई काफी संतुलित नजर आ रही है। लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने प्रभावी गेंदबाजी की है, जबकि मुकेश कुमार ने किफायती प्रदर्शन किया। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल की जोड़ी ने मध्य ओवरों में दबाव बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। मिचेल स्टार्क की अनुपस्थिति के बावजूद गेंदबाजी मजबूत दिख रही है।
मुंबई इंडियंस की शानदार शुरुआत
मुंबई इंडियंस इस सीजन में शानदार शुरुआत कर चुकी है। टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स के विरुद्ध जीत दर्ज कर 14 साल के खराब शुरुआत के रिकार्ड को तोड़ा। रोहित शर्मा ने 78 रन की आक्रामक पारी खेलकर फॉर्म में वापसी के संकेत दिए, जबकि रेयान रिकेल्टन ने भी 81 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। मुंबई की बल्लेबाजी उसकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसमें सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे विस्फोटक खिलाड़ी शामिल हैं। हालांकि सूर्यकुमार की फिटनेस पर संशय बना हुआ है, जो टीम के संतुलन को प्रभावित कर सकता है।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और शार्दुल ठाकुर की तिकड़ी किसी भी बल्लेबाजी क्रम को चुनौती देने में सक्षम है। बुमराह की अगुवाई में यह आक्रमण दिल्ली के कमजोर शीर्ष क्रम की परीक्षा लेगा। यह मुकाबला दिल्ली की गेंदबाजी और मुंबई की बल्लेबाजी के बीच सीधी टक्कर होगी। जहां दिल्ली को अपने शीर्ष क्रम में सुधार करना होगा। वहीं मुंबई अपनी मजबूत शुरुआत को बरकरार रखना चाहेगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि किस टीम की रणनीति मैदान पर बेहतर साबित होती है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम
अभिषेक पोरेल, केएल राहुल, नीतीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल, आशुतोष शर्मा, दुष्मंथा चमीरा, कुलदीप यादव, मुकेश कुमार, विप्रज निगम, मिचेल स्टार्क, त्रिपुराना विजय, डेविड मिलर, आकिब नबी डार, पथुम निसंका, लुंगी एनगिडी, पृथ्वी शॉ, काइल जैमीसन, अजय जादव मंडल, टी नटराजन, माधव तिवारी, करुण नायर, साहिल पारख।
मुंबई इंडियंस की टीम
हार्दिक पंड्या (कप्तान), क्विंटन डिकाक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रेयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, तिलक वर्मा, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडेय, मोहम्मद इजहार, रघु शर्मा।
- “जमीन बचाओ” की हुंकार: चूना भट्ठा-खदान नीलामी के खिलाफ हजारों ग्रामीणों का उबाल, सारंगढ़ में ऐतिहासिक रैली! - April 4, 2026
- “लाल सोना” बन रहा मिरचिद: टमाटर की खेती से चमकी किसानों की किस्मत, हर महीने हजारों की आमदनी! - April 4, 2026
- मुंबई के गेंदबाजों के खिलाफ दिल्ली के बल्लेबाजों की होगी अग्नि परीक्षा, अरुण जेटली स्टेडियम में होगी कड़ी टक्कर… - April 4, 2026
