सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले के बरमकेला विकासखंड के वनांचल ग्राम झीकीपाली से निकलकर एक साधारण किसान परिवार के बेटे ने असाधारण उपलब्धि हासिल कर पूरे जिले को गौरवान्वित कर दिया है। चांटीपाली माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षक जोगेंद्र प्रसाद साहू ने महज 3 महीनों में विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मिलाकर कुल 12 मेडल जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

राष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन
जोगेंद्र साहू (प्रधान पाठक) ने 17 से 22 मार्च तक चंडीगढ़ में आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
सिविल सर्विस योगासन स्पोर्ट्स में रिदमिक योगासन के तहत ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
वहीं खेलो इंडिया मास्टर एथलेटिक्स में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एथलेटिक्स और शूटिंग में भी दिखाया जलवा
खेलो इंडिया प्रतियोगिता में साहू सर ने कई इवेंट्स में पदक जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की—
10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग – गोल्ड मेडल
100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ –सिल्वर मेडल
400×100 रिले रेस – सिल्वर मेडल
इन उपलब्धियों के साथ उन्होंने कुल मिलाकर 12 पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
संघर्षों को पार कर हासिल की सफलता
वनांचल क्षेत्र से आने वाले जोगेंद्र साहू के लिए यह सफर आसान नहीं था। सीमित संसाधनों और अनेक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और कड़ी मेहनत के दम पर अन्य राज्यों के प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल किया।
जिले में खुशी की लहर
उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे अंचल और शिक्षा जगत में खुशी की लहर है। लोग उन्हें लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं और उनकी उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
सभी का जताया आभार
जोगेंद्र साहू ने अपनी सफलता का श्रेय बरमकेला तहसीलदार पुष्पराज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी जे.आर. डहेरिया, मित्र सुभाष चौहान, तथा पूरे स्टाफ एवं सहयोगियों को देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। विशेष रूप से श्री संतोष सिदार के सहयोग को भी उन्होंने सराहा।
अब वर्ल्ड रिकॉर्ड का लक्ष्य
साहू सर का अगला लक्ष्य और भी बड़ा है। वे वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करना चाहते हैं। आगामी थाईलैंड में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता के लिए भी वे पूरी तैयारी में जुटे हैं।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जोगेंद्र साहू को उनकी इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
सच में, जोगेंद्र साहू की यह सफलता साबित करती है कि अगर हौसले बुलंद हों तो वनांचल की मिट्टी से भी विश्व विजेता निकल सकते हैं।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
