ढाबे की आड़ में चल रहा था ‘डीजल चोरी’ का गंदा खेल..कनकबीरा पुलिस ने रंगे हाथ दबोचा, 48 लाख का माल जब्त..
सारंगढ: कहते हैं “सेंध लगाने वाला कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के हाथों से नहीं बच सकता।” कनकबीरा पुलिस ने एक ऐसी ही बड़ी साजिश का पर्दाफाश किया है, जहाँ एक टैंकर चालक और ढाबा संचालक मिलकर मालिक की अमानत में खयानत कर रहे थे। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए न केवल आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा, बल्कि करीब 48 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति भी जब्त की है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, टैंकर वाहन (क्रमांक CG 10 BU 5136) रायपुर के मंदिर हसौद डिपो से 15,000 लीटर डीजल और 5000 लीटर पेट्रोल लेकर जशपुर स्थित पेट्रोल पंप के लिए निकला था। कुल ईंधन की कीमत करीब 18.76 लाख रुपये थी। लेकिन चालक मनोज यादव के मन में लालच आ गया। उसने रास्ते में सालर स्थित ‘रोशन ढाबा’ पर गाड़ी रोकी और ढाबा संचालक रोशन साहू के साथ मिलकर अवैध रूप से डीजल निकालना शुरू कर दिया।
मुखबिर की सूचना पर टीकाराम खटकर की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
जैसे ही पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि ग्राम सालर में टैंकर से तेल चोरी किया जा रहा है, चौकी प्रभारी टीकाराम खटकर के नेतृत्व में टीम ने तत्काल छापेमारी की। मौके पर चालक मनोज यादव और ढाबा संचालक रोशन साहू को 500 लीटर डीजल निकालते हुए रंगे हाथ धर दबोचा गया। मालिक राहुल कुमार निराला की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जब्ती और कार्रवाई-
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान निम्नलिखित संपत्ति जब्त की है, जिसमें टैंकर वाहन कीमत लगभग 30 लाख रुपये।
लोड ईंधन कीमत लगभग 18.28 लाख रुपये।
चोरी किया गया डीजल (500 लीटर): कीमत लगभग 48,000 रुपये।
कुल मशरूका 48,76,867 रुपये।
जेल की सलाखों के पीछे आरोपी-
एसपी और एएसपी निमिषा पांडे के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई ने डीजल चोरों के सिंडिकेट में हड़कंप मचा दिया है। गिरफ्तार आरोपी मनोज यादव (सुल्तानपुर, यूपी) और रोशन साहू (सालर, सारंगढ़) को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी सहित हीराधर नाग, भीमसेन सिदार, कुंज बिहारी निराला और बिहारी साहू की मुख्य भूमिका रही।
बड़ी सीख: मालिक का भरोसा तोड़ने वाले और तस्करी के जरिए ‘शॉर्टकट’ से अमीर बनने वालों के लिए कनकबीरा पुलिस की यह कार्रवाई एक कड़ा सबक है।
- पवनी में उमड़ा आस्था का सागर: हनुमान जन्मोत्सव पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किए दर्शन-पूजन… - April 3, 2026
- बिलाईगढ़ में गूंजा आस्था का महासंगम: भव्य कलश यात्रा के साथ माता परमेश्वरी पुराण महोत्सव 2026 का शानदार शुभारंभ… - April 3, 2026
- छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा बरमकेला मंडल का निर्विरोध गठन सम्पन्न… - April 3, 2026
