कलेक्ट्रेट में विकास की बड़ी समीक्षा बैठक: अधूरे आवास जल्द पूरे करने के सख्त निर्देश, योजनाओं में तेजी लाने का अल्टीमेटम…
सारंगढ़। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गुरुवार को कलेक्टर महोदय की अध्यक्षता में जिला स्तरीय महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री इंद्रजीत बर्मन की उपस्थिति में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करें।
योजनाओं की प्रगति पर कड़ी नजर
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन, मध्य क्षेत्र विकास प्राधिकरण, अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण, अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण तथा डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) अंतर्गत संचालित निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला एवं जनपद स्तर के अधिकारियों ने योजनाओं की वर्तमान स्थिति और जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी प्रस्तुत की।
मनरेगा कार्यों में तेजी के निर्देश
कलेक्टर महोदय ने मनरेगा अंतर्गत लेबर बजट, वृक्षारोपण, मजदूरी भुगतान और सामग्री प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए और अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं।
अधूरे आवास जल्द पूरा करने का अल्टीमेटम
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2016-23, 2024-25 और 2025-26 में स्वीकृत लेकिन अपूर्ण आवासों को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कर हितग्राहियों को लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
अधूरे निर्माण कार्यों पर सख्ती
बैठक में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे अपूर्ण निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण नहीं होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। सभी विभागों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में एसडीएम (सारंगढ़), डिप्टी कलेक्टर, उपसंचालक पंचायत, सीईओ जनपद पंचायत, एपीओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है।
- पवनी में उमड़ा आस्था का सागर: हनुमान जन्मोत्सव पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किए दर्शन-पूजन… - April 3, 2026
- बिलाईगढ़ में गूंजा आस्था का महासंगम: भव्य कलश यात्रा के साथ माता परमेश्वरी पुराण महोत्सव 2026 का शानदार शुभारंभ… - April 3, 2026
- छत्तीसगढ़ वैष्णव महासभा बरमकेला मंडल का निर्विरोध गठन सम्पन्न… - April 3, 2026
