सारंगढ़-बिलाईगढ़, 2 अप्रैल 2026/
नगर पंचायत सरसीवा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए पेंड्रावन रोड से गौठान पहुंच मार्ग पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुधवार को हटवा दिया। यह कार्रवाई प्रस्तावित सीसी रोड निर्माण स्थल पर की गई, जहां शासकीय भूमि पर लंबे समय से कब्जा किया गया था।
कार्रवाई के दौरान एक खाली मकान, एक रिक्त भूमि तथा सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के साथ अवैध रूप से निर्मित बाउंड्रीवाल को हटाकर पूरी शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसमें मुख्य नगरपालिका अधिकारी राकेश कुमार साहू एवं उप अभियंता सत्यप्रकाश मधुकर, नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल तथा स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

अब होगा समुचित विकास, बनेंगे उद्यान और नया कार्यालय
अतिक्रमण हटने के बाद इस महत्वपूर्ण भूमि के उपयोग को लेकर भी योजना तैयार कर ली गई है। भविष्य में यहां सुंदर उद्यान (गार्डन) एवं नगर पंचायत का नवीन कार्यालय भवन बनाया जाएगा। इसके साथ ही सीसी रोड निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
जल जीवन मिशन और कचरा प्रबंधन की भी तैयारी
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र के पास जल जीवन मिशन के अंतर्गत पानी टंकी का निर्माण पहले ही किया जा चुका है। इसके अलावा नगर पंचायत द्वारा यहां कचरा प्रसंस्करण केंद्र (एमआरएफ कम्पोस्ट प्लांट) बनाने की भी योजना है, जो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम होगा।
अस्थायी भवन में चल रहा है कार्यालय
वर्तमान में नगर पंचायत सरसीवा का कार्यालय वार्ड क्रमांक 9 में पुराने स्कूल भवन में अस्थायी रूप से संचालित हो रहा है। नए कार्यालय भवन के निर्माण से प्रशासनिक कार्यों में भी सुगमता आएगी।
नागरिकों से अपील
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें और नगर के विकास कार्यों में सहयोग दें।
यह पूरी कार्रवाई क्षेत्र के सुनियोजित विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
- सारंगढ़:पैंगोलिन मौत का सनसनीखेज खुलासा, वन विभाग ने आरोपी को भेजा जेल.. - September 15, 2026
- सारंगढ़:आरक्षण के कथित उल्लंघन पर सतनामी समाज का प्रदर्शन कल, कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सौंपेंगे राज्यपाल के नाम ज्ञापन… - September 15, 2026
- सारंगढ़:गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा झरियापारा, सिद्धि विनायक मंदिर में हुई प्राण प्रतिष्ठा.. - September 15, 2026
