सारंगढ़-बिलाईगढ़। महावीर जयंती के अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने विकासखंड सारंगढ़ के ग्राम खम्हारडीह एवं सिरोली का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर वास्तविक स्थिति समझी।

खम्हारडीह में मनरेगा कार्यों की पड़ताल, मजदूरों से सीधा संवाद
ग्राम खम्हारडीह में चल रहे तालाब पुनरुद्धार कार्य का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने मनरेगा के तहत संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
उन्होंने 2431 मानव दिवस की स्थिति, श्रमिकों के लिए पेयजल व्यवस्था, श्रम पंजीयन एवं कार्य समय को लेकर मजदूरों से सीधे बातचीत की।
इसके साथ ही कलेक्टर ने श्रमिक पाठ, बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति, आयुष्मान कार्ड, लखपति दीदी योजना और राशन कार्ड की स्थिति की भी जानकारी ली, जिससे योजनाओं के वास्तविक क्रियान्वयन का आकलन किया जा सके।
महिला समूह, आंगनबाड़ी और महतारी वंदन योजना की समीक्षा
कलेक्टर ने ग्राम सचिव से आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या एवं महिला समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
महतारी वंदन योजना और सोख्ता गड्ढों की प्रगति पर चर्चा के दौरान बताया गया कि गांव में 100 से अधिक सोख्ता गड्ढों का निर्माण हो चुका है।
इस दौरान कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पाम ट्री का पौधारोपण भी किया।
सिरोली में किसानों से मुलाकात, मूंगफली खेती का लिया जायजा
ग्राम सिरोली में कलेक्टर ने किसानों से मुलाकात कर कृषि कार्यों की स्थिति जानी। किसान गीता सिंह सिदार द्वारा डेढ़ एकड़ में की जा रही मूंगफली की खेती का निरीक्षण किया गया।
गांव में 35 एकड़ से अधिक क्षेत्र में मूंगफली की खेती की जा रही है, जो किसानों की आय का प्रमुख स्रोत बन रही है।
कच्चे रास्ते से पैदल पहुंचे
तालाब, पानी की बर्बादी पर चिंता
किसानों ने नर्मदा तालाब से पर्याप्त पानी नहीं मिलने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर खुद किसानों के साथ कच्चे पहाड़ी रास्ते से पैदल चलकर तालाब तक पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
किसानों ने बताया कि तालाब का लगभग 80% पानी व्यर्थ बह जाता है, जबकि लगभग 8 एकड़ क्षेत्रफल वाले इस तालाब के आसपास 300 एकड़ कृषि भूमि स्थित है।
चेक डेम निर्माण के निर्देश, किसानों को मिलेगा राहत
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने चेक डेम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया और मनरेगा के तहत कार्य स्वीकृत करने के निर्देश जनपद पंचायत सीईओ सारंगढ़ को दिए।
इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा और खेती में सुधार आएगा।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण ने जहां जमीनी समस्याओं को उजागर किया, वहीं प्रशासनिक सक्रियता और जवाबदेही का भी मजबूत संदेश दिया।
- पेंशनर्स के लिए बड़ी खुशखबरी! 8वें वेतन आयोग में होंगे ये 6 बड़े बदलाव… - September 14, 2026
- छत्तीसगढ़:6 घंटे तक 150 फीट ऊंचे हाईटेंशन टावर पर चढ़ा रहा युवक, शराब के नशे में था, पुलिस और परिवार के कहने पर नीचे उतरा… - September 14, 2026
- बिलाईगढ़ में फिर गोवंश की हत्या! पेट्रोल पंप के पीछे मिला अवशेष, मांस बिक्री के मामले में अज्ञात के खिलाफ FIR… - September 14, 2026
