सारंगढ़। जिले में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए अब व्यवस्था सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिपं सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर की पहल पर जिला मुख्यालय के प्रमुख एवं व्यस्त स्थल भारत माता चौक में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि श्रीमती खटकर ने एडिशनल एसपी श्रीमती निमिषा पांडे से भारत माता चौक और गढ़ चौक जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की मांग की थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत माता चौक में सिग्नल स्थापना का कार्य प्रारंभ करा दिया है।
सिग्नल लगाने के लिए चौक पर बनी लगभग 6 फीट ऊंची दीवार को हटाया गया है, जिससे यातायात नियंत्रण के लिए उचित स्थान तैयार किया जा सके। यह पहल न केवल ट्रैफिक को व्यवस्थित करने में सहायक होगी, बल्कि दुर्घटनाओं में कमी लाने की दिशा में भी अहम साबित होगी।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि ट्रैफिक सिग्नल लगने से रोजाना होने वाली जाम की समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
इस सराहनीय पहल के लिए जिपं सभापति श्रीमती संतोषी अरविंद खटकर ने एडिशनल एसपी श्रीमती निमिषा पांडे सहित जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में जिले के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इसी तरह की व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

- गड्ढों में डूबा बिलाईगढ़! गौरव पथ बना जानलेवा, रोज गिर रहे बाइक सवार… - September 14, 2026
- सारंगढ़:सपेरा बस्ती में शिक्षा और सुरक्षा की अलख, प्रियंका गोस्वामी ने 60 बच्चों को बांटी खुशियां… - September 14, 2026
- रेलवे लाइन का चोर निकला बाइक चोर! घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को दबोचा, दो वारदातों का खुलासा… - September 14, 2026
