तालाब में तैरती मिली वृद्ध महिला की लाश, बटाउपाली में सनसनी…
सारंगढ़। क्षेत्र के ग्राम बटाउपाली (ब) में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गांव के तालाब में एक वृद्ध महिला का शव तैरता हुआ मिला। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल व्याप्त हो गया है।
मृतका की पहचान निद्रा बाई सिदार (उम्र लगभग 65 वर्ष) के रूप में की गई है। परिजनों के अनुसार, महिला बीती शाम-रात को हाथ में गुड़ाखू लेकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, परंतु रातभर खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया।
आज सुबह गांव के तालाब में महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसे देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। गांव में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।

