सारंगढ़-बिलाईगढ़। भीषण गर्मी की आहट के साथ ही ठंडे पेयजल और खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा के कड़े निर्देशों के पालन में, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने आज बिलाईगढ़ क्षेत्र के सरसीवा में ताबड़तोड़ कार्यवाही की। इस दौरान पेयजल निर्माण इकाइयों और विभिन्न दुकानों पर दबिश देकर मिलावटखोरों और नियम विरुद्ध कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा दिया।

वॉटर प्लांट पर दबिश, भारी मात्रा में जप्ती-
कार्यवाही के दौरान टीम ने ‘देवांशी मिनरल वाटर प्लांट’ का औचक निरीक्षण किया। यहाँ मानकों की अनदेखी और अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने 115 बोरी पानी पाउच को तत्काल प्रभाव से जब्त कर लिया। साथ ही, शुद्धता की जांच के लिए पानी पाउच के नमूने लिए गए हैं, जिन्हें लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पेयजल की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मसाले, अचार और दाल के लिए नमूने-
खाद्य सुरक्षा दल ने क्षेत्र की विभिन्न किराना व जनरल स्टोर्स का भी सघन निरीक्षण किया। इस दौरान संदेह के आधार पर दाल, अचार और मसालों के सैंपल लिए गए। साथ ही, बिना वैध खाद्य पंजीयन (Food Registration) के कारोबार कर रहे व्यापारियों को मौके पर ही नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि बिना उचित खाद्य लाइसेंस के कारोबार करना कानूनी अपराध है और पकड़े जाने पर कड़ी दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बिल रसीद और जांच-परख की अपील-
कार्यवाही के दौरान अभिहित अधिकारी भारत भूषण पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शांतनु भट्टाचार्य और वरुण पटेल ने व्यापारियों को समझाइश दी कि वे केवल उचित बिल रसीद के साथ ही खाद्य सामग्री की खरीदी-बिक्री करें। वहीं, आम जनता से अपील की गई कि गर्मी के मौसम में पैकेट बंद खाद्य पदार्थों और पानी को पूरी तरह जांच-परख कर और एक्सपायरी डेट देखकर ही खरीदें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
- सारंगढ़:दोगुनी रकम का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, ग्रामीण महिलाओं ने थाना पहुंचकर लगाई गुहार… - July 13, 2026
- खनन पर विधानसभा में गूंजा सारंगढ़, चूना पत्थर खदानों से कई गांव और शहर के वार्ड होंगे प्रभावित… - July 13, 2026
- सारंगढ़:बीज उत्सव में हरियाली का संकल्प, जनभागीदारी से गूंजा गोड़म… - July 13, 2026


