“रायपुर में जिपं अध्यक्षों का मंथन” : उपलब्धियों की गूंज, नई योजनाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार…
सारंगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष संघ की दो दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक रायपुर में सफलता पूर्वक सम्पन्न हुई, जिसमें संगठन की उपलब्धियों, कार्यों और भविष्य की रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में प्रदेश भर के जिला पंचायत अध्यक्षों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न मुद्दों पर अपनी राय रखी।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संघ के गठन के बाद कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्षों की सुरक्षा को लेकर जारी किए गए पत्र का सकारात्मक परिणाम सामने आया है और अब अधिकांश अध्यक्षों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध हो चुके हैं।
उन्होंने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि का जिक्र करते हुए बताया कि पहले जिला पंचायत अध्यक्षों को विकास कार्यों की छायाप्रति नहीं मिलती थी, लेकिन संघ के प्रयासों से अब उन्हें विकास कार्यों की प्रतिलिपियां नियमित रूप से मिलने लगी हैं, जिससे पारदर्शिता और निगरानी में सुधार हुआ है।
बैठक में गौण खनिज संवितरण नियम में संशोधन को लेकर भी चर्चा हुई। इस संबंध में संघ द्वारा दिया गया प्रस्ताव अंतिम चरण में पहुंच चुका है और वर्तमान में माइनिंग विभाग में प्रक्रिया जारी है। उम्मीद जताई गई कि जल्द ही यह प्रस्ताव लागू होगा, जिससे पंचायतों को और अधिक अधिकार एवं लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के प्रमुख नेताओं से मुलाकात कर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया। जिनमें विष्णुदेव साय, डॉ. रमन सिंह, ओपी चौधरी, अरुण साव, किरण सिंह देव, केदार कश्यप, धरमलाल कौशिक एवं टंकराम वर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
बैठक में सुविधा वृद्धि, अधिकार विस्तार एवं अन्य महत्वपूर्ण मांगों पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन मिला है।
बैठक के अंत में अगली बैठक को अचानकमार टाइगर रिजर्व में आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सराहा।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, संघ के संरक्षक नवीन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जिला पंचायत अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, यह बैठक न केवल संगठन की मजबूती का संकेत है, बल्कि पंचायत स्तर पर विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हो रही है।
- सारंगढ़ बिलाईगढ़ :शौचालय निर्माण में ‘स्वच्छता’ गायब…कागजों पर पूर्ण, जमीन पर अपूर्ण, आधा दर्जन इंजीनियर नपे! - March 19, 2026
- “खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी को मिली रफ्तार” : पारदर्शिता के साथ विकास, लेकिन पर्यावरण को लेकर बढ़ी चिंता… - March 19, 2026
- “रायपुर में जिपं अध्यक्षों का मंथन” : उपलब्धियों की गूंज, नई योजनाओं से विकास को मिलेगी रफ्तार… - March 19, 2026
