आस्था की आड़ में अभयारण्य पर ‘कब्जा’..गोमर्डा अभयारण्य में अवैध झोपड़ी को वन विभाग ने किया नेस्तनाबूत..
सारंगढ़-बिलाईगढ़:
प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए आरक्षित गोमर्डा अभयारण्य की ज़मीन पर ‘आस्था’ का चोला ओढ़कर कब्जा करने की एक बड़ी साजिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया है। वन परिक्षेत्र बरमकेला (बटाऊपाली परिसर) के भीतर अवैध रूप से झोपड़ी और झाला बनाकर सरकारी ज़मीन को हथियाने की कोशिश कर रहे अतिक्रमणकारी पर विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए मौके से सारा तामझाम जब्त कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी चेतन वल्द बोधराम चौहान (निवासी खैरझिटी) ने गोमर्डा अभयारण्य के कक्ष क्रमांक 931 PF में घुसपैठ की थी। आरोपी ने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए जंगल के भीतर न केवल अवैध निर्माण किया, बल्कि वहाँ स्थायी रूप से बसने की तैयारी में था। 17 मार्च 2026 को वन विभाग की टीम ने दबिश देकर इस अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
मौके से भारी मात्रा में सामग्री जब्त-
कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके से बड़ी मात्रा में निर्माण और घरेलू उपयोग की सामग्री बरामद की है, जो इस बात का प्रमाण है कि कब्जा सुनियोजित था।
मौका स्थल पर बांस बल्ली 35 नग (खैर और बांस), टेबल और तखत, दैनिक सामान जैसे बाल्टी, आरी, कुर्सी और गाड़ी चक्का जब्त किया गया।
नहीं बर्दाश्त होगा अतिक्रमण – वन विभाग
मौके पर मौजूद वन अमले ने बताया कि अभयारण्य की सुरक्षा और वन्यजीवों के आवास के साथ खिलवाड़ करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। अक्सर लोग धार्मिक प्रतीकों या ‘आस्था’ का सहारा लेकर जंगलों पर कब्जा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन विभाग अब ऐसी गतिविधियों पर पैनी नज़र रख रहा है। आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और जब्त सामान को सुरक्षित रख लिया गया है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय-
अभयारण्य के भीतर इस तरह की साहसी कार्रवाई से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा खींची गई तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह वन विभाग के कर्मचारी चिलचिलाती धूप में जंगल को बचाने के लिए डटे हुए हैं।


- आस्था की आड़ में अभयारण्य पर ‘कब्जा’..गोमर्डा अभयारण्य में अवैध झोपड़ी को वन विभाग ने किया नेस्तनाबूत.. - March 19, 2026
- “कैंसर पर करारा प्रहार” — सारंगढ़ में HPV टीकाकरण अभियान का भव्य शुभारंभ, बेटियों की सुरक्षा का संकल्प … - March 19, 2026
- Navratri 2026: इन 7 प्रसिद्ध शक्तिपीठों की यात्रा से पूरी होंगी मनोकामनाएं, हर पल महसूस होगी दिव्य शांति… - March 19, 2026
