सारंगढ़। जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने जिला चिकित्सालय सारंगढ़ के सभाकक्ष में राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमावायरस) टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर एक किशोरी बालिका को एचपीवी का टीका लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। टीकाकरण के बाद कलेक्टर ने बालिका को प्रमाण पत्र भी प्रदान कर उसका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण अभियान किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों और समाज से अपील की कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण कराकर इस घातक बीमारी से सुरक्षित रखें।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल, सीएमएचओ डॉ. एफ. आर. निराला, डिप्टी कलेक्टर उमेश साहू, शिक्षा शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में किशोरी बालिकाएं उपस्थित रहीं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) का टीका एक प्रभावी वैक्सीन है, जो एचपीवी संक्रमण के नौ प्रमुख प्रकारों से सुरक्षा प्रदान करता है। ये संक्रमण आगे चलकर कैंसर और जननांग मस्सों का कारण बन सकते हैं। यह टीका विशेष रूप से 9 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए लगाया जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल), मुंह, गले, गुदा, योनि या वल्वा तथा लिंग के कैंसर से बचाव में सहायक है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि यह टीका वायरस के संपर्क में आने से पहले लगवाने पर सबसे अधिक प्रभावी होता है और इससे भविष्य में होने वाले कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अभियान के माध्यम से जिले की अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखते हुए एक स्वस्थ भविष्य प्रदान किया जा सके।


