सारंगढ़। जिला भाजपा कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत महत्वपूर्ण जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में प्रस्तावित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में भाजपा के जिला संगठन प्रभारी शंकर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में प्रशिक्षण वर्ग की भूमिका, उसकी प्रासंगिकता तथा संगठन को मजबूत बनाने में उसके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति और संगठनात्मक जिम्मेदारियों की गहन जानकारी मिलती है, जिससे संगठन और अधिक सशक्त बनता है।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला महामंत्री द्वारिका साहू एवं अमित तिवारी सहित जिले के समस्त पदाधिकारी, सभी मंडल प्रशिक्षण वर्ग प्रभारी, विषय वक्तागण, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आगामी प्रशिक्षण वर्ग को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं। साथ ही सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस महाअभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से और अधिक सक्षम बनाया जाएगा, जिससे पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी।


