सारंगढ़। जिले के रामटेक के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया और चालक उसके भीतर ही फंस गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन मटर लेकर सराईपाली की ओर जा रही थी। घटना तड़के लगभग 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। जैसे ही वाहन रामटेक के पास पहुंचा, चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और पिकअप सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। जोरदार टक्कर के कारण वाहन पलट गया, जिससे चालक अंदर गंभीर रूप से फंस गया और उसे गहरी चोटें आईं।
मृतक चालक की पहचान अजय मानिकपुरी के रूप में हुई है, जो पिथौरा क्षेत्र के गड़बेडहा गांव का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गए। वाहन के पलट जाने से चालक बुरी तरह फंस गया था, जिसे निकालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद रात में ही वाहन को सीधा कर चालक को बाहर निकाला जा सका।
चालक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि देर रात का समय होने, किसी अन्य वाहन को बचाने की कोशिश, चालक को नींद आ जाना या तेज रफ्तार के कारण वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की संभावित वजह हो सकती है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

- ‘समाधान समारोह 2026’ की पहल: सुप्रीम कोर्ट के लंबित मामलों का होगा त्वरित निपटारा, 21–23 अगस्त को विशेष लोक अदालत… - May 2, 2026
- युवा जोश से सशक्त होगी भाजपा: सालर-मल्दा मंडल में युवा मोर्चा का विस्तार, नए पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी… - May 2, 2026
- “संजय पाण्डेय की प्रेरणा से जागा खेल जुनून” — ग्रीष्मकालीन शिविर में युवाओं को मिला आत्मविश्वास और सफलता का मंत्र… - May 2, 2026
