सारंगढ़।
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियाँ हासिल कर रहा है। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे के कुशल मार्गदर्शन एवं सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व में चिकित्सालय में डायलिसिस सुविधाओं का विस्तार किया गया है, जिसका लाभ अब न केवल जिले के मरीजों को बल्कि पड़ोसी राज्य ओडिशा के मरीजों को भी मिल रहा है। आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में दी जा रही इस सुविधा ने कई मरीजों के लिए राहत का रास्ता खोल दिया है।

डायलिसिस सेवा के शानदार आंकड़े

चिकित्सालय में डायलिसिस सेवा के विस्तार के बाद से अब तक 679 से अधिक डायलिसिस सेशन सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं। गुणवत्तापूर्ण उपचार, प्रशिक्षित स्टाफ और आधुनिक मशीनों की उपलब्धता के कारण मरीजों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है और यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है।
ओडिशा के मरीजों को भी मिल रही राहत
सारंगढ़ जिला चिकित्सालय की बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभाव अब सीमावर्ती राज्यों तक भी दिखाई देने लगा है। ओडिशा के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी मरीज नियमित रूप से यहां आकर डायलिसिस करवा रहे हैं। ओडिशा के ग्राम बड़े बरगढ़ निवासी केदार साहू ने बताया कि पहले उन्हें डायलिसिस के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जिससे समय और पैसे दोनों की अधिक खपत होती थी। उन्होंने कहा कि सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में बेहतर सुविधाएं और सहयोगी स्टाफ मिलने से अब उन्हें नियमित उपचार में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है।
सिविल सर्जन ने की सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने की अपील
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय का उद्देश्य जिले के हर नागरिक को सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि डायलिसिस यूनिट की सफलता पूरी मेडिकल टीम की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए निजी अस्पतालों में होने वाले महंगे खर्च से बचते हुए शासकीय अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
प्रमुख बिंदु
सेवा प्रारंभ से अब तक 679 से अधिक डायलिसिस सेशन पूर्ण
छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा के मरीज भी ले रहे लाभ
आधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार
जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के लगातार विस्तार से यह संस्थान अब क्षेत्र के लिए एक भरोसेमंद उपचार केंद्र के रूप में उभरकर सामने आ रहा है।

- थायराइड और फैमिली हिस्ट्री: जेनेटिक रिस्क, शुरुआती लक्षण और बचाव के तरीके जानें डॉक्टर से - April 26, 2026
- 2 कप मूंग दाल में पनीर और पुदीना डालकर बनाएं स्वादिष्ट Moong Dal Paneer Pudina Chilla, नाश्ते के लिए है परफेक्ट रेसिपी… - April 26, 2026
- रितेश देशमुख की ऐतिहासिक फिल्म ‘राजा शिवाजी’ का ट्रेलर लॉन्च, रिलीज की तारीख नजदीक… - April 26, 2026
