इंग्लैंड को टी20 विश्व कप के रोमांचक सेमीफाइनल में 7 रन से हराने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जीत का श्रेय गेंदबाजों और शानदार फील्डिंग को देते हुए कहा कि इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचना अविश्वसनीय एहसास है।

भारत ने 7 विकेट पर 253 रन बनाने के बाद इंग्लैंड को 7 विकेट पर 246 रन पर रोक दिया।
सूर्यकुमार यादव का मैच के बाद बड़ा बयान
सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, ‘यह एक अविश्वसनीय एहसास है। फाइनल के लिए अहमदाबाद जाना खिलाड़ियों के लिए बेहद खास भावना है।’ उन्होंने टीम के बड़े स्कोर में संजू सैमसन (89) के योगदान की तारीफ करते हुए कहा, ‘सैमसन को जब बल्लेबाजी के लिए उतरना था, तब उन्हें पूरी तरह पता था कि उन्हें क्या करना है। टीम को उनसे उसी प्रदर्शन की जरूरत थी और उन्होंने वैसा ही किया।’
गेंदबाजों और फील्डर्स की जमकर की तारीफ
उन्होंने कहा, ‘मैंने हैरी (ब्रूक) से कहा था कि आपके खिलाफ हमें और कितने रन बनाने की जरूरत है। वे हमेशा मुकाबले में बने हुए थे और लक्ष्य का पीछा भी अच्छी तरह कर रहे थे। लेकिन जिस तरह बुमराह, अर्शदीप और बाकी गेंदबाजों ने मैच को वापस हमारी ओर मोड़ा, वह अविश्वसनीय था। यह एक शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन था।’
अक्षर पटेल ने पकड़े शानदार कैच
अक्षर पटेल ने मैच में दो शानदार कैच पकड़े जबकि हार्दिक पंड्या ने अहम मौके पर इंग्लैंड के शतकवीर जैकब बेथलद को रन आउट किया। सूर्यकुमार ने कहा, ‘हमें अपने फील्डिंग कोच टी. दिलीप को भी थोड़ा श्रेय देना होगा। खिलाड़ी शानदार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और अतिरिक्त मेहनत कर रहे हैं, जिसका असर मैदान पर दिख रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘मैच के दौरान मैं काफी नर्वस था, उस समय मेरी दिल की धड़कन शायद 160-175 के बीच रही होगी। जब हम मैदान में उतरे, तब स्टेडियम लगभग 80 प्रतिशत भर चुका था। उम्मीद है कि हमने दर्शकों को अच्छा मैच दिया होगा।’
- सारंगढ़:जनदर्शन में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश… - July 28, 2026
- एसपी सुनील शर्मा की सख्ती का बड़ा असर: डेढ़ करोड़ से अधिक कीमत का 768 किलो गांजा भट्टी में जलाकर किया नष्ट… - July 28, 2026
- 5 गायों से बदली किस्मत: आधुनिक डेयरी से हर महीने ₹25 हजार की कमाई.. - July 28, 2026




