धान बोनस की सौगात: 84 हजार किसानों के खातों में 3237.96 लाख रुपये ट्रांसफर…कृषक उन्नत योजना के तहत मिला समर्थन मूल्य की अंतर राशि का लाभ…
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिला मुख्यालय स्थित शुक्ला भवन में कृषक उन्नत योजना अंतर्गत आदान सहायता राशि वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्चुअल माध्यम से जुड़े और किसानों को संबोधित किया। मुख्यमंत्री के संबोधन को उपस्थित किसानों ने उत्साहपूर्वक सुना और सरकार की विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 4,42,948.84 मीट्रिक टन धान विक्रय करने वाले जिले के 84,058 किसानों को बड़ी सौगात दी। कुल भुगतान राशि 1,04,934.58 लाख रुपये के साथ समर्थन मूल्य की अंतर राशि 3,237.96 लाख रुपये सीधे डीबीटी के माध्यम से किसानों के खातों में हस्तांतरित की गई। मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर राशि जारी की, जिससे किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, सदस्य लता लक्षमे, शिवकुमारी साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष ममता ठाकुर, पूर्व विधायक कामदा जोल्हे, सत्ताधारी दल के जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव, खाद्य अधिकारी गणेश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने किसानों को सहायता एवं प्रोत्साहन राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए। ग्राम सालर के किसान चोकलाल को बोनस राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रमाण पत्र प्राप्त कर किसान ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी पहल की गई। 14 महिलाओं को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर वितरित किए गए। हितग्राही महिलाओं ने योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता जताई।
कुल मिलाकर यह आयोजन किसानों और महिलाओं के लिए सौगातों से भरा रहा, जिसका उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
- शौर्य और बलिदान को नमन: ‘चंद्रशेखर आजाद अमर रहें’ से गूंजा भारत माता चौक… - February 28, 2026
- वेतन विसंगति पर शिक्षकों की हुंकार: सीएम से मिले फेडरेशन जिलाध्यक्ष, सौंपा ज्ञापन…सहायक शिक्षकों को क्रमोन्नत वेतनमान देने की मांग, सरकार ने दिया सकारात्मक परीक्षण का आश्वासन… - February 28, 2026
- होली-रमजान पर अलर्ट: पुलिस-स्वास्थ्य विभाग सतर्क…कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक सम्पन्न… - February 28, 2026
