“महाशिवरात्रि पर सारंगढ़ हुआ शिवमय”सुबह रुद्राभिषेक, शाम को शाही बारात और रात को महाभंडारा…
सारंगढ़। आस्था, श्रद्धा और अटूट विश्वास के महापर्व महाशिवरात्रि पर पूरी सारंगढ़ नगरी ‘शिवमय’ हो गई। शिवालयों से लेकर देवालयों तक हर ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ओम नमः शिवाय’ के जयकारों की गूंज सुनाई दी। नगर के प्रमुख मंदिरों में तड़के सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा, जो देर रात तक अनवरत जारी रहा।
भोर होते ही शुरू हुआ अभिषेक और पूजन
नगर के प्रसिद्ध तालेश्वर महादेव, खड़गेश्वर महादेव, ठाकुरदिया महादेव और नेंगीश्वर महादेव मंदिरों में सुबह 4 बजे से ही अनुष्ठान प्रारंभ हो गए थे। गोपाल जी मंदिर (छोटे और बड़े मठ) में विद्वान पंडितों के सानिध्य में महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया, जहाँ जजमानों और श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से महादेव का जलाभिषेक कर विश्व कल्याण की कामना की। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मंदिरों में भक्तों की कतारें लंबी होती गईं।
भव्य बारात और अटूट आस्था-
संध्या काल में खड़गेश्वर नाथ मंदिर से भगवान शिव और माता पार्वती की भव्य बारात निकाली गई। गाजे-बाजे और झांकियों के साथ निकली इस शाही बारात का नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। बारात मुख्य मार्गों से भ्रमण करते हुए आजाद चौक पहुँची, जहाँ शिव-पार्वती विवाह की रस्में संपन्न हुईं। इस दिव्य विवाह उत्सव का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े।
दीपों की छटा और महाभंडारा-
रात्रि का दृश्य और भी मनोरम हो उठा जब मंदिरों में प्रज्वलित दीपों का प्रतिबिंब खाड़ाबन तालाब के जल में झिलमिलाने लगा, जिससे एक अद्भुत आध्यात्मिक छटा बिखर गई। वहीं, सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए नंदा चौक समिति द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जहाँ हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
पूरे दिन चले इन आयोजनों ने सारंगढ़ के धार्मिक वातावरण को नई ऊंचाई प्रदान की। छोटे मठ और बड़े मठ सहित सभी देवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
- सारंगढ़: बेजुबान सांभर के मांस पर दावत की थी तैयारी, वन विभाग ने रंगे हाथों दबोचा!इंसानियत शर्मसार और कानून तार-तार! - February 16, 2026
- निर्माणाधीन प्रधानमंत्री आवास आंगनबाड़ी आवास का निरीक्षण कन्नौजे ने की - February 16, 2026
- अडाणी फाउंडेशन के सहयोग से दीपक कंप्यूटर अकादमी के छात्र हुए औद्योगिक ज्ञान से ‘पावर’ फुल… - February 16, 2026
