छत्तीसगढ़:परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़ी गाड़ियों से मोबाइल चोरी, फिर UPI से खाते खाली, पुलिस ने पकड़ा मास्टरमाइंड…
दुर्ग जिले में पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाता था. आरोपी परीक्षार्थियों के स्कूटी और अन्य वाहनों से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, नकद राशि और पर्स जैसी जरूरी चीजें चुरा लेता था.
उसका मुख्य टारगेट महंगे मोबाइल फोन होते थे.
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले परीक्षा केंद्र के आसपास घूमकर रेकी करता था. वह खासतौर पर उन छात्रों पर नजर रखता था जो हाई-फाई या महंगे स्मार्टफोन का इस्तेमाल कर रहे होते थे. जैसे ही परीक्षार्थी परीक्षा हॉल में प्रवेश करते, वह उनके वाहनों से मोबाइल और अन्य सामान पार कर देता था. उसने सबसे ज्यादा महिला परीक्षार्थियों को निशाना बनाया.
खेल मैदान और टूर्नामेंट भी रहे निशाने पर
आरोपी सिर्फ परीक्षा केंद्रों तक सीमित नहीं था. वह अलग-अलग इलाकों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं और टूर्नामेंट्स के दौरान भी चोरी की वारदात को अंजाम देता था. भिलाई के सेक्टर-7 में आयोजित एक टूर्नामेंट में खेलने आए खिलाड़ियों के मोबाइल फोन और कार की चाबी भी उसने चुरा ली थी.
मोबाइल अनलॉक कर करता था यूपीआई फ्रॉड
चोरी के बाद आरोपी मोबाइल फोन को अनलॉक करने की कोशिश करता था. जिन फोन का पासवर्ड नहीं खुलता था, उन्हें वह अलग-अलग मोबाइल दुकानों में 200 से 300 रुपये देकर लॉक खुलवा लेता था.
इसके बाद वह फोन में इंस्टॉल यूपीआई ऐप्स जैसे PhonePe और Paytm में ‘Forgot Password’ का विकल्प चुनकर एक्सेस हासिल करने की कोशिश करता था. जिन फोन का लॉक नहीं खुल पाता, उनसे सिम कार्ड निकालकर दूसरे मोबाइल में डाल देता था और उसी सिम से पेमेंट ऐप इंस्टॉल कर लेता था.
फिर वह दुकानदारों या राहगीरों से कहता था कि उसके फोनपे में पैसे हैं लेकिन वह खुद ऐप नहीं चला पा रहा है, इसलिए मदद की जरूरत है. इस बहाने वह 2000, 5000 से लेकर 10000 रुपये तक का ट्रांजेक्शन करवा कर खाते से रकम निकाल लेता था.
कई थानों में दर्ज हैं शिकायतें
पुलिस ने बताया कि अलग-अलग परीक्षार्थियों ने चार से पांच थानों में शिकायत दर्ज कराई है. दर्ज एफआईआर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है. आरोपी ने कुल कितनी रकम का गबन किया है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होगा.
30 मोबाइल बरामद, आरोपी एमपी का निवासी
पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 30 मोबाइल फोन जब्त किए हैं. आरोपी की पहचान शुभम श्रीवास (24 वर्ष) के रूप में हुई है. वह वर्तमान में कातुलबोर्ड, हरिनगर, दुर्ग में अस्थायी रूप से रह रहा था, जबकि उसका मूल निवास ओमती, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) है.
- बच्चों का नाम इस्तेमाल कर हास्टल अधीक्षकों ने लाखों रुपए डकारे! 4 के खिलाफ निलंबन का आदेश जारी… - February 12, 2026
- होली से पहले किसानों के खातों में आएंगे 10 हजार करोड़ रुपए, सरकार के फैसले से धान उत्पादकों की बल्ले-बल्ले… - February 12, 2026
- छत्तीसगढ़:तेंदुए का आतंक! गांव में घुसकर 10 बकरियों का किया शिकार, दहशत का माहौल… - February 12, 2026
