रायगढ़/पुसौर। हौसले बुलंद हों और गुरुओं का मार्गदर्शन साथ हो, तो ग्रामीण परिवेश की प्रतिभाएं भी आसमान छू सकती हैं। रायगढ़ जिले के पुसौर जनपद अंतर्गत ग्राम टिनमिनी की बेटी नम्रता गुप्ता ने इसे सच कर दिखाया है। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ के 17वें दीक्षांत समारोह में नम्रता ने अपनी गायकी और मेधा का परचम लहराते हुए कुल 5 स्वर्ण पदक (Gold Medals) अपने नाम किए।

राज्यपाल के हाथों मिला सम्मान-
सत्र 2023-24 में एम.पी.ए. (MPA) गायन में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर नम्रता को प्रदेश के राज्यपाल महामहिम रामेन डेका के कर-कमलों से ये पदक प्रदान किए गए। इस ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा अंचल और जिला गौरवान्वित है।
विरासत में मिला संगीत, गुरुओं ने तराशा हुनर-
नम्रता की सफलता की नींव उनके घर में ही पड़ी। कृषक माता ज्योत्स्ना गुप्ता एवं पिता सदानंद गुप्ता के घर जन्मी नम्रता ने बचपन से ही पिता को गायन-वादन करते देखा। पिता ही उनके प्रथम गुरु बने।
प्रारंभिक शिक्षा:
गांव से स्कूली शिक्षा के बाद अभिनव विद्या मंदिर पुसौर से हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी की।
मार्गदर्शन:
पुसौर के संजीव कसेर ने उनकी प्रतिभा को पहचान कर खैरागढ़ विश्वविद्यालय तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्त किया।
बारीकियां:
ग्राम कोतासुरा के डमरूधर मालाकार से उन्होंने सुर, लय और ताल के गूढ़ रहस्यों को सीखा, जो उनकी सफलता की अहम कड़ी साबित हुआ।

उपलब्धियों का सफर:.
गजल गायकी में नेशनल स्कॉलरशिप
नम्रता शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने न केवल संगीत में NET परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि गजल गायकी जैसे कठिन क्षेत्र में नेशनल स्कॉलरशिप भी हासिल की। वर्तमान में नम्रता दूधाधारी बजरंग महिला महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में नई पीढ़ी को संगीत की शिक्षा दे रही हैं।
माता-पिता की तपस्या हुई सफल-
बेटी की इस सफलता पर भावुक होते हुए माता-पिता ने कहा, “यह हमारे वर्षों की तपस्या का प्रतिफल है, जो आज 5 गोल्ड मेडल के आशीर्वाद के रूप में हमें मिला है।” नम्रता की इस कामयाबी पर पूरे पुसौर अंचल और गांव टिनमिनी में जश्न का माहौल है।

- सारंगढ़:हरेली के चलते जिला मेडिकल बोर्ड की बैठक निरस्त, अब अगले बुधवार होगा शिविर… - August 11, 2026
- ‘सक्षम सारंगढ़’ की नई उड़ान: चार दिव्यांगजनों को मिला स्वरोजगार का सहारा, प्रशिक्षण सामग्री पाकर बनेंगे आत्मनिर्भर… - August 11, 2026
- “सारंगढ़ में 15 हजार स्वामित्व कार्ड तैयार, मंत्री वर्मा ने हितग्राहियों को सौंपे अधिकार अभिलेख”… - August 11, 2026




