छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (CG Vyapam) द्वारा 15 जून 2025 को आयोजित सहायक विकास विस्तार अधिकारी (ADEO) भर्ती परीक्षा में 28 प्रश्नों को लेकर गड़बड़ियों के आरोपों ने तूल पकड़ लिया है।

नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित करने की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने तूता धरना स्थल पर तब तक डटे रहने का ऐलान किया है, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं।

14 जुलाई 2025 को जारी मॉडल उत्तर के अनुसार, कुल 21 प्रश्नों में बदलाव किए गए, जिनमें 12 प्रश्न विलोपित, 6 प्रश्नों में एक से अधिक उत्तर सही माने गए, और 3 प्रश्नों के उत्तर बदले गए। अभ्यर्थियों का कहना है कि सेट A के 5 प्रश्न (7, 15, 20, 64, 65) अभी भी गलत या असंतोषजनक हैं। इसके अलावा, 6 अन्य प्रश्न (18, 41, 44, 46, 62, 87) भी विवादित पाए गए हैं, जिससे कुल 28 प्रश्न सवालों के घेरे में हैं।
व्यापम के नए नियम के तहत विलोपित प्रश्नों के बोनस अंक सभी अभ्यर्थियों को समान रूप से दिए जाते हैं, जिसे अभ्यर्थी अन्यायपूर्ण मानते हैं। उदाहरण के लिए, यदि किसी अभ्यर्थी ने कोई प्रश्न हल नहीं किया, तो भी उसे 12 बोनस अंक मिलेंगे, जो मेहनती अभ्यर्थियों के साथ नाइंसाफी है। इसके अलावा, एक से अधिक सही उत्तर वाले नियम को वस्तुनिष्ठ परीक्षा के विपरीत माना जा रहा है और नकारात्मक अंकन की प्रणाली में भी सुधार की मांग की जा रही है।
सेट A के प्रश्न 7, 20, 47, 87 में अंग्रेज़ी-हिंदी अनुवाद की गलतियों को आधार बनाकर कुछ प्रश्न विलोपित किए गए, लेकिन अन्य में ऐसा नहीं हुआ।
प्रश्न 18 में सरकारी वेबसाइट और पूर्व परीक्षाओं के उत्तरों से विसंगतियां पाई गईं।
मुद्रण त्रुटियों में, जैसे प्रश्न 47 में ‘Mexican’ को ‘Maxine’ और प्रश्न 87 में अंग्रेज़ी में ‘December’ और हिंदी में ‘फ़रवरी’ छापा गया, जिससे भ्रम पैदा हुआ।
अभ्यर्थियों का कहना है कि व्यापम जैसे अनुभवी संस्थान से ऐसी लापरवाही की उम्मीद नहीं थी। 2.22 लाख अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था, और 20% से अधिक प्रश्नों में त्रुटियों ने भर्ती प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 21 अगस्त 2025 को व्यापम को आवेदन के माध्यम से इन समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अभी तक कोई ठोस जवाब नहीं मिला है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि वे तब तक धरना जारी रखेंगे, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं। इस मामले में व्यापम और सरकार की ओर से जवाब का इंतजार है।
- एसपी के सख्त तेवर, थाना प्रभारी की दमदार कार्रवाई: सारंगढ़ में अवैध शराब माफिया पर बड़ा प्रहार… - May 1, 2026
- सारंगढ़ जिला चिकित्सालय में 1000 डायलिसिस सत्र सफल..मरीजों के लिए वरदान बनी नि:शुल्क सेवा.. - May 1, 2026
- “एक दिन में मिलेगा न्याय!” — 9 मई को लगेगी नेशनल लोक अदालत, मौके पर सुलह से निपटेंगे हजारों मामले… - April 29, 2026
