छत्तीसगढ़ में 14 नक्सली गिरफ्तार, 36 लाख का था इनाम; बीजापुर जिले में बना रखा था ठिकाना…

छत्तीसगढ़ में माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने 14 ऐसे नक्सलियों को गिरफ्तार किया है, जिनपर लाखों का इनाम था। ये नक्सली कई हमलों में शामिल थे, इनपर कई केस दर्ज हैं।
इन गिरफ्तार माओवादियों में आठ माओवादी ऐसे हैं, जिनके ऊपर 36 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बीजापुर में 14 नक्सली गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल की है। डीआरजी बीजापुर, जिला पुलिस बल उसूर, कोबरा बटालियन और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने माओवादी विरोधी अभियान के दौरान 14 माओवादियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए माओवादियों से सुरक्षा बलों ने जंगल में छुपा कर रखे गए लकड़ी के 23 स्पाइक और लोहे के 8 स्पाइक, साथ ही एक जमीन खोदने का औजार (गैती) भी बरामद किया। ये उपकरण माओवादी हमलों के लिए इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार माओवादी मुख्य न्यायालय बीजापुर में पेश किए गए हैं, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता पर बीजापुर के एसपी मयंक गुर्जर ने कहा, “बीजापुर के थाना उसूर में कुल 14 माओवादियों को गिरफ्तार कर सभी को न्यायालय में पेश किया गया है। इसके साथ-साथ सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कई अन्य वस्तुएं भी बरामद की गई हैं।”
कहां-कहां से पकड़े गए हैं नक्सली
अभियान के दौरान, टीम ने बीजापुर जिले के टेकमेटला, नडपल्ली और मल्लमपेटा क्षेत्रों में व्यापक तलाशी ली। यहां से गिरफ्तार किए गए माओवादियों में कमली कोड़ेम, चैते सोढ़ी, जोगी सोढ़ी, राजे सोढ़ी, देवा मड़कम, कोसा माड़वी, लिंगा कुहरामी, हुंगा कुंजाम, जोगा मड़कम, हुर्रा मड़कम, सोमड़ा मड़कम, रामा माड़वी, हुंगा माड़वी और सुक्का माड़वी शामिल हैं। इन माओवादियों के खिलाफ कई प्रमुख नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
कई हमलों में शामिल
इन माओवादियों ने पिछले कुछ वर्षों में बीजापुर जिले के विभिन्न इलाकों में कई हमलों को अंजाम दिया है। 30 नवंबर 2022 को टेकमेटला जंगल में स्पाइक लगाने की घटना, 9 जून 2024 को नड़पल्ली में प्रेशर आईईडी की घटना और इसी साल 6 जनवरी को आरओपी ड्यूटी पर पुलिस पार्टी को नुकसान पहुंचाने के लिए आईईडी लगाने में भी इन्हीं पकड़े गए माओवादियों के हाथ होने की बात सामने आ रही है।
- एचडीएफसी बैंक सारंगढ़ ब्रांच द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन… - December 15, 2025
- उपभोक्ताओं के साथ धोखा! हसौद क्षेत्र के ग्रामीण अंचल मे गांवों नेटवर्क की बदहाली से जनता परेशान..महीने का रिचार्ज पूरा, सुविधा अधूरा.. - December 15, 2025
- प्रशासनिक अवहेलना का शिकार शासकीय माध्यमिक शाला आमाकछार…जर्जर हालत में पढ़ने मजबूर बच्चे, क़भी भी घट सकती है दुर्घटना..!शौचालय के अभाव से छात्राओं को भारी परेशानी.. - December 15, 2025

