उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकासखंड के दस संकुलों को जिला स्तर पर करेंगे सम्मानित – एलपी पटेल.. विद्यालय निरीक्षण के बाद डीईओ की मैराथन बैठक…
सारंगढ़। जिला कलेक्टर के आदेश पर डीईओ एलपी पटेल ने शनिवार को विकास खंड के विभिन्न स्कूलों के आकस्मिक निरीक्षण के बाद 11 से 2.30 तक बीइओ, बीआरसीसी और संकुल प्राचार्यो समन्वयकों के साथ मैराथन बैठक ली। उन्होंने समीक्षा बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि – जिला में शिक्षा व्यवस्था को एक नया आयाम देने के लिए इस बार स्कूलों का शिक्षा के बीस महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शिक्षक और स्कूलों का आंकलन व ग्रेडिंग किया जाएगा। सभी बीस महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दौ सौ अंक निर्धारित है,सभी विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकासखंड के दस संकुलों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
डीईओ पटेल ने विभिन्न विभागीय योजनाओं की जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि – विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ जरूरत मंद बच्चों को समयनुसार मिले इस को सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी प्राचार्यों, संकुल समन्वयकों को निर्देशित करते हुए कहा कि – वरिष्ठ कार्यालय से चाही गई जानकारियों को प्राथमिकता देते हुए समय सीमा में उपलब्ध कराए। विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर कहा कि – संकुल अंतर्गत आने वाले अतिशेष शिक्षकों को अध्यापन के लिए व्यवस्था करें । ऐसे विद्यालय जहां कम दर्ज संख्या है और शिक्षक संख्या अधिक है वहा के शिक्षकों को विशेष आवश्यकता वाले स्कूलों में भेजे। मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत लाभान्वितों की संख्या को नियमित ऑनलाइन एंट्री करे और मेनू के आधार पर बच्चों को पौष्टिक व गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले इस बात को सुनिश्चित करें । आयुष्मान योजना,जाति प्रमाण पत्र, छात्रवृत्ति इंस्पायर्ड अवार्ड और नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की पंजीयन शत प्रतिशत करना सुनिश्चित करें।
