इंडियन प्रीमियर लीग 2024 की शुरुआत 22 मार्च 2024 से होने वाली है। ये इस मेगा टूर्नामेंट का 17वां सीजन है और इसमें कुल 10 टीमें भाग लेने वाली है। आईपीएल में रनों की बरसात के साथ-साथ विकेटों की भी झड़ी देखने को मिलती है।
दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में हर साल कुछ ना कुछ बड़े बदलाव होते हैं जिससे ये लीग और भी रोमांचक होती जाती है।

आईपीएल की एक रूलबुक है जिसका पालन खिलाड़ियों से लेकर अंपायर तक को करना पड़ सकता है। इसमें कई नियम है जो कि मैच का रुख बदल सकते हैं। आईपीएल 2024 में भी इन्हीं का उपयोग होगा। ऐसे में हम इस टूर्नामेंट के 5 बड़े नियमों के बारे में बताने जा रहे हैं जो कि इसे खास बनाते हैं।
1. वाइड- नो बॉल रिव्यू
इंडियन प्रीमियर लीग 2024 में गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों करने वाली टीमों को फायदा पहुंचाने के लिए 2023 में एक नए नियम को लागू किया गया था। इसके मुताबिक अगर कोई गेंद को अंपायर वाइड करार देता है या नो बॉल करार देता है तो अंपायर के फैसले के खिलाफ भी डीआरएस का उपयोग किया जा सकता है। इसमें थर्ड अंपायर चेक करता है और अगर गेंद वाइड लाइन के अंदर गिरती है तो अंपायर को निर्णय बदलना पड़ता है। बल्लेबाजी करने वाली टीम भी वाइड बॉल की मांग करते हुए डीएरएस ले सकती है।
2. दो बार होगा स्ट्रेटजिक टाइमआउट
आईपीएल 2024 में हर साल की तरह इस बार भी स्ट्रेटजिक टाइमआउट एक पारी के दौरान दो बार होगा। इसके तहत बॉलिंग टीम 6-9 ओवर के बीच 2 मिनट का ब्रेक ले सकती है। इस दौरान गेंदबाजी टीम के कोच और स्टाफ मैदान पर आते हैं और आगे की प्लानिंग बताते हैं। वहीं बल्लेबाजी टीम 13 से 16 ओवर के बीच इसका उपयोग कर सकती है।
3. इम्पैक्ट प्लेयर रूल
आईपीएल 2024 में एक बार फिर से इम्पैक्ट प्लेयर का नियम लागू होने जा रहा है। इम्पैक्ट प्लेयर के नियम के अनुसार टॉस के बाद दोनों कप्तानों को 5 सब्सीट्यूट प्लेयर्स के नाम देने होंगे। कप्तान द्वारा चुने गए इन चार खिलाड़ियों में से किसी एक प्लेयर को टीम इम्पैक्ट खिलाड़ी के तौर पर चुन पाएगी। इस प्लेयर का इस्तेमाल बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने वाली टीम मैच में किसी भी समय कर सकेंगी। ये 12वां खिलाड़ी मैदान पर उतरते ही मैच का रुख बदल सकता है।
4. मैच रद्द होने पर एक-एक अंक
इंडियन प्रींमियर लीग 2024 में अगर कोई मैच बारिश के चलते रद्द हो जाता है तो ऐसी स्थिति में दोनों टीमों के खाते में एक-एक अंक दिया जाता है। ये नियम ग्रूप स्टेज के मैचों में उपयोग किया जाता है। वहीं फाइनल के लिए रिजर्व डे का भी प्रावधान किया गया है। आईपीएल में मैच रद्द तब किया जाता है जब दोनों टीमों का 10-10 ओवरों का भी खेल पूरा ना हो सकता हो या फिर मैच शुरू ही ना हो पाए तब इसे रद्द किया जाता है।
5. स्लो ओवर रेट के लिए जुर्माना
आईपीएल में स्लोओवर रेट की चर्चा खूब रहती है। लेकिन इस बार ऐसा होने पर मैच में ही सजा मिलेगी। इंटरनेशनल टी20 की तरह कटऑफ टाइम के बाद जितने भी ओवर डाले जाएंगे, उस दौरान बाउंड्री पर 4 ही खिलाड़ी रहेंगे। सामान्य स्थिति में पावरप्ले के बाद 5 फील्डर बाउंड्री पर रह सकते हैं। ऐसे में कप्तानों को समयसीमा का भी ध्यान रखना होगा।


