सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू एवं जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिकों के साथ बैठक की। बैठक में अभियान की आगामी गतिविधियों और सामाजिक संगठनों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने उपस्थित सामाजिक कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त करते हुए उनके द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा अभियान है। इसकी सफलता में सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी ने अभियान के तहत प्रस्तावित आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने जिले में पहली बार आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेलकूद कार्यक्रम को लेकर भी आवश्यक जानकारी साझा की और सामाजिक संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपील की।
अंगदान और वस्त्रदान के लिए आगे आने की अपील
कलेक्टर ने सामाजिक कार्यकर्ताओं से अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद लोगों के लिए वस्त्रदान जैसे सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम वर्ग की छोटी-सी पहल भी जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।
एचपीवी वैक्सीन को लेकर जागरूकता पर जोर
बैठक में एचपीवी वैक्सीन को लेकर जनजागरूकता फैलाने पर भी विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे पात्र हितग्राहियों और उनके परिवारों तक वैक्सीन से संबंधित सही एवं आवश्यक जानकारी पहुंचाने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति के कारण लोग स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित न रहें।
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिले के सभी सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।
बैठक में एसडीएम उमेश साहू, डिप्टी कलेक्टर वर्षा बंसल, समाज कल्याण विभाग से विनय तिवारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं विभिन्न समाजों के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

- सेवा संकल्प को जनआंदोलन बनाने जुटे सामाजिक संगठन… - September 23, 2026
- ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का कलेक्टर ने लिया जायजा… - September 23, 2026
- खेलभाठा में जिला स्तरीय योग-ध्यान सत्र हजारों ने किया योग… - September 23, 2026
