मुंह में कपड़ा ठूसा, शव को कट्टे में भरकर बाथरूम में बंद किया; रेप नहीं कर पाया तो पड़ोसी ने मासूम को मार डाला….
फरीदाबाद सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात दुष्कर्म में असफल होने के बाद पड़ोसी ने एक तीन वर्षीय बच्ची की सब्जी बनाने वाली चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के दौरान आवाज दबाने के लिए बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
उसके बाद शव को कट्टे में भरकर बाथरूम में बंद कर दिया। शिकायत मिलने के बाद जांच अभियान चलाकर पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर लिया और भाग रहे आरोपी को दबोच लिया। आरोपी की पहचान यूपी के प्रयागराज निवासी 47 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से बिहार का रहने वाला एक परिवार करीब डेढ़ महीने से सेक्टर-58 थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए पर रहता है। मंगलवार दोपहर उनकी तीन साल की बेटी घर के बाहर खेलते हुए लापता हो गई। शाम तक जब बच्ची नहीं दिखाई दी तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। देर रात तक परिजन बच्ची को तलाश करते रहे, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आई। इसके बाद सेक्टर-58 पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ करने लगी और जांच अभियान चलाया।
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि सूचना पर जब देर रात पुलिस ने कॉलोनी में जांच अभियान चलाया तो पीड़ित परिवार के घर के सामने ही एक मकान के बाथरूम में बच्ची का शव बोरे में बंद मिला। कॉलोनी में पुलिस के आने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने छत से कूदकर भागने का प्रयास किया, जिससे वह गिरकर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
शोर मचाने पर की हत्या
पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी ने बताया कि बच्ची से दुष्कर्म करने का प्रयास किया था। बच्ची ने जब शोर मचाया तो आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसकी आवाज बंद कर दी। फिर घर में रखे किसी धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी और शव को कट्टे में बंदकर बाथरूम में छिपा दिया। वह रात में शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था। आरोपी के खिलाफ हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।
वर्ष 2014 से रह रहा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज का रहने वाला है। वह एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वह साल-2014 से फरीदाबाद में किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस अभी जांच में जुटी है। साथ ही आरोपी से पूछताछ रही है।
डेढ़ माह पहले आया था परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृत बच्ची के पिता भी एक फैक्टरी में काम करते हैं। वह करीब डेढ़ महीने पहले ही किराए पर रहने के लिए सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में आए थे। वह परिवार के साथ रह रहे हैं। सूत्रों की मानें तो आरोपी से उनकी बातचीत नहीं होती थी। खेलने के दौरान वह बच्ची को कमरे में ले गया और दुष्कर्म का प्रयास किया।
