नयी दिल्ली: मकान खरीदने वालों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़े धनशोधन के एक मामले में कांग्रेस के नेता एवं हरियाणा के विधायक धर्म सिंह छोकर और उनके स्वामित्व एवं नियंत्रण वाली कंपनियों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी के दौरान चार लग्जरी कार, 14.5 लाख रुपये के आभूषण और 4.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी। छोकर हरियाणा के पानीपत जिले की समालखा सीट से विधायक हैं।
ईडी ने एक बयान में बताया कि इससे पहले 25 जुलाई को भी छोकर और अन्य आरोपियों से जुड़े परिसरों पर छापे मारे गए थे। बयान के मुताबिक, हालिया कार्रवाई धनशोधन रोकथाम कानून की आपराधिक धाराओं के तहत की गई। समालखा, गुरुग्राम और दिल्ली में छोकर और उनके परिवार के ‘स्वामित्व एवं नियंत्रण’ वाली ‘साईं आइना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड’ (वर्तमान में माहिरा इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड) और माहिरा समूह की अन्य कंपनियों से जुड़े 10 परिसरों पर छापे मारे गए।
ईडी ने बताया कि आरोपियों ने दिल्ली के पास गुरुग्राम के सेक्टर-68 में मकान उपलब्ध कराने का वादा करते हुए किफायती आवास योजना के तहत 1,497 घर खरीदारों से लगभग 360 करोड़ रुपये एकत्र किए थे। इस मामले में आरोपियों और साईं आइना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। प्रवर्तन निदेशालय का मामला इसी प्राथमिकी पर आधारित है।
एजेंसी ने यह भी आरोप लगाया कि छोकर और उनके बेटे सिकंदर सिंह एवं विकास छोकर और अन्य प्रमुख कर्मचारी छापेमारी के दौरान ‘मौजूद नहीं’ थे और उन्होंने अभी तक जांच में कोई सहयोग नहीं दिया है।
- पवनी में भीषण सड़क हादसा: पल्सर सवार युवक की मौत, हादसा खुद गिरने से या टक्कर से? जांच में जुटी पुलिस… - October 29, 2026
- चक्रवात ‘अर्नब’ का असर: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कल सभी स्कूल बंद.. - October 29, 2026
- 14 श्रद्धालु करेंगे अमृतसर-वैष्णो देवी के दर्शन, 2 नवंबर तक आवेदन… - October 29, 2026
