केंद्र सरकार ने हाल ही में अपने लाखों कर्मचारियों (Central Govt Employees) के लिए महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी की है.

अब सरकार इन कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जल्दी ही एक और तोहफा दे सकती है. मीडिया में चल रही खबरों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की अगुवाई वाली केंद्र सरकार (Central Govt) जुलाई में एक बार फिर से महंगाई भत्ते को बढ़ा सकती है.
एक बार बढ़ चुका है भत्ता
सरकार ने हाल ही में डीए और डीआर को 4-4 फीसदी बढ़ाया है. बढ़ी दरें 1 जनवरी 2023 से लागू हो गई हैं. अब फिर से डीए और डीआर को बढ़ाए जाने के कयास लग रहे हैं. अगर ऐसा होता है तो केंद्र सरकार के करीब 50 लाख कर्मचारियों की सैलरी (Salary Hike) एक बार फिर से बढ़ जाएगी. इसके अलावा केंद्र सरकार के पेंशनभोगियों को भी ज्यादा पैसे मिलने लगेंगे.
दो बार होती है बढ़ोतरी
सातवें वित्त आयोग (7th Pay Commission) के हिसाब से डीए और डीआर को साल में दो बार बढ़ाया जाता है. पहली बार महंगाई भत्ते व राहत को जनवरी में बढ़ाया जाता है और दूसरा संशोधन जुलाई में होता है. सरकार यह फैसला ऑल-इंडिया सीपीआई डेटा यानी एआईसीपीआई इंडेक्स (All India Consumer Price Index) के आधार पर करती है. इसके आंकड़े श्रम व रोजगार मंत्रालय के तहत आने वाले श्रम ब्यूरो के द्वारा जारी किए जाते हैं. सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई की मार से बचाने के लिए उनकी सैलरी/पेंशन में डीए/डीआर कंपोनेंट जोड़ा गया है.
इतनी वृद्धि के लग रहे कयास
श्रम ब्यूरो की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एआईसीपीआई इंडेक्स फरवरी महीने में 0.1 अंक कम होकर 132.7 अंक पर आ गया. यह इंडेक्स जनवरी में 132.8 अंक पर रहा था. मार्च महीने का आंकड़ा 28 अप्रैल 2023 को जारी होगा. फरवरी के उपलब्ध आंकड़े के आधार पर एक बार फिर से मंहगाई भत्ते व राहत को बढ़ाए जाने के कयास लगाए जा रहे हैं. ऐसा माना जा रहा है कि केंद्र सरकार एक जुलाई से डीए और डीआर में 3-3 फीसदी की वृद्धि कर सकती है.
अभी इतनी है डीए की दर
कोरोना महामारी के कारण बीच में कुछ समय के लिए डीए में संशोधन रुक गया था. करीब डेढ़ साल के अंतराल के बाद केंद्र सरकार ने जुलाई 2021 में डीए व डीआर को 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी किया था. इसके बाद अक्टूबर 2021 में इन्हें 28 फीसदी से बढ़ाकर 31 फीसदी किया गया था. उसके बाद डीए व डीआर की दरों में लगातार बढ़ोतरी हुई और अभी यह 42 फीसदी है. अगर जुलाई में 3 फीसदी की बढ़ोतरी के अनुमान सच साबित हुए तो डीए और डीआर की प्रभावी दर बढ़कर 45 फीसदी हो जाएगी.
- प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में बड़ी सौगात: NHM कर्मचारियों को 33 दिन के वेतन का ऐलान… - June 14, 2026
- श्रीमती उषा प्रियदर्शी वैष्णव बनीं राज्य महिला आयोग की नई अध्यक्षा..नारी सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बल… - June 14, 2026
- डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व मे सारंगढ़ जिला अस्पताल की बदली तस्वीर…आधुनिक सुविधाओं से अब मरीजों को मिल रहा नया जीवन..करोड़ों की सरकारी संपत्ति को खुर्द-बुर्द होने से बचाया..सारंगढ़ मे ब्रेन हैमरेज, लकवा और दिल की बीमारियों का इलाज संभव.. - June 14, 2026

