छत्तीसगढ़: नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम विस्फोट में एक आदिवासी महिला घायल….
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर बम विस्फोट में एक आदिवासी महिला घायल हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक अंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत केतुलनार गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आकर ग्रामीण महिला सोमली हेमला घायल हो गई. महिला किसी काम से पास के जंगल में गई थी.
उन्होंने बताया कि महिला ने अनजाने में प्रेशर बम के ऊपर पैर रख दिया. इससे बम में विस्फोट हो गया. इस घटना में महिला के पैर में चोटें आई हैं. इलाज कराया जा रहा है.
एसपी ने बताया कि महिला को निकट के नेलसनार गांव के एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि माओवादी अक्सर नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान जंगल के भीतरी मार्गों का उपयोग करने वाले सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाने के लिए प्रेशर बम लगाते हैं. उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में पहले भी नक्सलियों द्वारा लगाए गए बम में विस्फोट होने से कई आम नागरिक हताहत हुए हैं. प्रेशर आईडी बम के अलावा और भी कई तरीकों का इस्तेमाल नक्सली सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए करते हैं. सर्चिंग पर निकलने वाले जवानों को इसको लेकर विशेष तौर पर सतर्क रहना पड़ता है.
आम नागरिक और मवेशी होते हैं शिकार
बता दें कि बस्तर सभाग के बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले में आए दिन नक्सलियों के लगाए प्रेशर आईडी की चपेट में आम नागरिक और मवेशी आते हैं. कई बार प्रेशर आईडी ब्लास्ट होने से आम ग्रामीणों की मौत भी हो जाती है. प्रेशर आईडी के अलावा स्पाइक होल का इस्तेमाल भी नक्सली सुरक्षा बल के जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए करते हैं. ताजा मामले में घायल आदिवासी महिला का इलाज कराया जा रहा है.
- छत्तीसगढ़:बिजली विभाग की नई सुविधा : लाइट जाने पर मीटर के पुश बटन को दबाने पर जुड़ेगा कनेक्शन… - April 18, 2026
- छत्तीसगढ़ में पुराने नोट-सिक्कों के नाम पर ठगी, हरियाणा से मास्टरमाइंड गिरफ्तार… - April 18, 2026
- छत्तीसगढ़ में मातम में बदलीं खुशियां : चौथिया कार्यक्रम में जा रही पिकअप पलटी, 1 की मौत और 17 घायल… - April 18, 2026

