सारंगढ़। सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिवस शासकीय लोचन प्रसाद पांडे महाविद्यालय में वीर गाथा एवं सैन्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया गया तथा सेवानिवृत्त सैनिकों और पुलिस जवानों के उल्लेखनीय योगदान का सम्मान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संजय भूषण पांडे ने अपने ओजस्वी उद्बोधन से युवाओं में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि आज हम जिस स्वतंत्र और सुरक्षित वातावरण में सांस ले रहे हैं, वह देश के वीर जवानों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। माइनस डिग्री तापमान से लेकर तपते रेगिस्तान तक सीमा पर मुस्तैद रहकर जवान देश की रक्षा करते हैं। उनकी बदौलत ही देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। आने वाली पीढ़ियों को वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।
उन्होंने सारंगढ़ जिले के उन वीर सपूतों के योगदान को विशेष रूप से याद किया, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। साथ ही शहीदों के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके त्याग को नमन किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने जेन-जी पीढ़ी से आह्वान किया कि युवा अपनी तकनीकी दक्षता, नवाचार और असीम ऊर्जा का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करें। नकारात्मक सोच को त्यागकर अनुशासन, समयबद्धता, समर्पण, देशभक्ति और कठिन परिश्रम को जीवन का मूलमंत्र बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा को हर परिस्थिति में राष्ट्र के मान-सम्मान को सर्वोपरि रखना चाहिए।
समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, सेवानिवृत्त सैनिक, पुलिस अधिकारी, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापक, एनसीसी कैडेट्स तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं को देश के वीर जवानों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
- बिलाईगढ़ में गरबा महोत्सव की धूम, प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग… - October 17, 2026
- बिलाईगढ़ की SDOP दीपिका मिंज बनीं ASP, SP सुनील शर्मा ने लगाया अशोक स्तंभ बैज… - October 17, 2026
- वीरों के बलिदान को किया नमन, युवाओं में भरा देशभक्ति का जोश संजय पांडे… - October 17, 2026
