सारंगढ़। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर विप्र वाटिका में ब्राह्मण समाज की मातृशक्ति द्वारा दो दिवसीय गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। 15 अक्टूबर को पारंपरिक गरबा और 16 अक्टूबर को थीम गरबा का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। महोत्सव में पारंपरिक संस्कृति, भारतीय लोकनृत्य और आधुनिक नृत्य शैलियों का अनूठा संगम देखने को मिला।
महोत्सव के दूसरे दिन पंजाबी, मराठी, गुजराती, साउथ इंडियन, ओडिसी तथा देवी-देवताओं की थीम पर प्रतिभागियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक परिधानों, आकर्षक वेशभूषा और तालबद्ध नृत्य ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सुआ नृत्य में अलका-प्रभा, शैलजा-ममता, आरती-ऋचा, कीर्ति-स्वाति, करुणा-श्रद्धा और ममता सहित अन्य प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति दी। वहीं गोपी नृत्य में ऋचा, करुणा-श्रद्धा, ममता-सुनीता, नेहा-पूनम और सुष्मिता-स्वाति की प्रस्तुतियों ने खूब सराहना बटोरी।
15 अक्टूबर को आयोजित पारंपरिक गरबा प्रतियोगिता में 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग में वामिका शुक्ला ने प्रथम, मिहिका शुक्ला ने द्वितीय और नित्या ठाकरे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। देवांशी को बेस्ट गेटअप और कनिष्का को ऑलराउंडर चुना गया। 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग में जीविषा धुरंधर प्रथम और अर्चिता मिश्रा द्वितीय स्थान पर रहीं। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में तनुष्का अग्रवाल को ऑलराउंडर का खिताब मिला।
महिला वर्ग की प्रतियोगिता में नेहा शर्मा ने प्रथम, अंजली पांडे ने द्वितीय और मौसमी सोनी ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रिया चावला को बेस्ट गेटअप तथा हरमन चावला को ऑलराउंडर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
16 अक्टूबर को आयोजित थीम गरबा प्रतियोगिता में 10 से 18 वर्ष आयु वर्ग में केरल ग्रुप ने प्रथम, कश्मीरी ग्रुप ने द्वितीय और राधा-कृष्णा ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वेस्टर्न फ्यूजन ग्रुप को ऑलराउंडर चुना गया। महिला ग्रुप प्रतियोगिता में राजपूताना ग्रुप प्रथम, जय भवानी ग्रुप द्वितीय और कश्मीरी ग्रुप तृतीय स्थान पर रहा। युगल स्वरूप ग्रुप को ऑलराउंडर तथा छत्तीसगढ़ (छग) ग्रुप को बेस्ट गेटअप का पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष श्याम शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला, सुशील तिवारी, संजय पांडे और अभिषेक तिवारी ने 1,100-1,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में अनुराधा श्रीवास्तव, ऋचा द्विवेदी, मीनल साहू और सृष्टि पडवार शामिल रहीं।
दो दिवसीय गरबा महोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों के उत्साह और आकर्षक प्रस्तुतियों से विप्र वाटिका का वातावरण भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना रहा।
- माँ परमेश्वरी पुराण कथा में उमड़ी श्रद्धा, डॉ. सनम जांगड़े ने की सुख-समृद्धि की कामना… - October 17, 2026
- वीर जवानों की गाथा से गूंजा सारंगढ़, शहीद परिवारों का सम्मान… - October 17, 2026
- बिलाईगढ़ में गरबा महोत्सव की धूम, प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग… - October 17, 2026
