सारंगढ़। जिले के केडार जलाशय की नहर क्षतिग्रस्त होकर फूट जाने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। नहर पर निर्भर सैकड़ों किसानों के सामने खेतों तक पानी पहुंचाने की समस्या खड़ी हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू को पत्र लिखकर नहर की शीघ्र स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, केडार जलाशय की नहर एक स्थान पर क्षतिग्रस्त होकर फूट गई है। इससे नहर का पानी खेतों तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। सिंचाई के लिए नहर पर निर्भर किसानों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण और किसान स्वयं मिट्टी डालकर अस्थायी बांध बनाने तथा पानी को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि किसी तरह सिंचाई व्यवस्था को बहाल रखा जा सके।
ग्रामीणों ने नहर क्षतिग्रस्त होने की सूचना सिंचाई विभाग को भी दी है, लेकिन अब तक स्थायी मरम्मत नहीं हो पाने से किसानों की परेशानी बनी हुई है। यदि समय रहते नहर की मरम्मत नहीं की गई, तो आगामी फसल की सिंचाई पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने कलेक्टर को लिखे पत्र में किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करने का आग्रह किया है। उन्होंने केडार जलाशय की क्षतिग्रस्त नहर का निरीक्षण कराकर शीघ्र स्थायी मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि किसानों को समय पर पर्याप्त पानी मिल सके और उनकी खेती प्रभावित न हो।
अब किसानों की निगाहें जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द पहल करेगा और नहर की मरम्मत कर सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनाई जाएगी।
- कलेक्टर की त्वरित पहल, केडार नहर की मरम्मत; खेतों तक पहुंचा पानी… - October 16, 2026
- बोर्ड परीक्षा में केमिस्ट्री का डर होगा खत्म..DK COACHING CLASSES लेकर आया त्योहार की छुट्टियों में विशेष क्रैश कोर्स…17 अक्टूबर से शुरू होंगी स्पेशल क्लास.. - October 16, 2026
- सारंगढ़ के मुड़पार तक पहुंची खैर तस्करी की जांच, 1.70 करोड़ नकद और 70 टन लकड़ी जब्त… - October 16, 2026
