सारंगढ़। खैर लकड़ी की अवैध तस्करी और फर्जी एनओसी के जरिए अंतरराज्यीय परिवहन के मामले में महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अब तक कुल 1.70 करोड़ रुपये नकद और करीब 70 टन अवैध खैर लकड़ी जब्त की गई है। इस मामले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सरसींवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार निवासी मुख्य आरोपी मनीष अग्रवाल का नाम सामने आया है।
मामले की शुरुआत वन परिक्षेत्र अधिकारी पिथौरा के आवेदन से हुई। इसके आधार पर थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 172/2026 दर्ज किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन के लिए NTPS एनओसी में कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उनका इस्तेमाल असली दस्तावेजों की तरह किया।
जांच के दौरान पुलिस को मुख्य आरोपी मनीष अग्रवाल के ग्राम मुड़पार स्थित मकान के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर 7 सितंबर को महासमुंद पुलिस ने मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान केयरटेकर और गवाहों की मौजूदगी में एक थैले से 500-500 रुपये के नोटों की 162 गड्डियां बरामद की गईं। इनमें कुल 16,200 नोट थे, जिनकी कीमत 81 लाख रुपये बताई गई।
इसके बाद नेटवर्क से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों से हुई बरामदगी के बाद जब्त नकदी का कुल आंकड़ा बढ़कर 1.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों से लगभग 70 टन खैर लकड़ी भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर फर्जी एनओसी तैयार कर खैर लकड़ी को एक राज्य से दूसरे राज्य में भेजते थे। खैर लकड़ी का उपयोग कत्था बनाने में होता है और बाजार में इसकी मांग अधिक होने के कारण इसके अवैध कारोबार की आशंका जताई गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए लकड़ी की तस्करी का नेटवर्क किस तरह संचालित किया जा रहा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने जब्त नकदी को प्रथम दृष्टया अपराध से अर्जित संपत्ति मानते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत कुर्की के लिए न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय वन अधिनियम और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि इस कथित तस्करी नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आ सकती है। ऐसे लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
- कलेक्टर की त्वरित पहल, केडार नहर की मरम्मत; खेतों तक पहुंचा पानी… - October 16, 2026
- बोर्ड परीक्षा में केमिस्ट्री का डर होगा खत्म..DK COACHING CLASSES लेकर आया त्योहार की छुट्टियों में विशेष क्रैश कोर्स…17 अक्टूबर से शुरू होंगी स्पेशल क्लास.. - October 16, 2026
- सारंगढ़ के मुड़पार तक पहुंची खैर तस्करी की जांच, 1.70 करोड़ नकद और 70 टन लकड़ी जब्त… - October 16, 2026
